home page

चुनाव खत्म होते ही मोदी सरकार ने जनता पर थोपी महंगाई, कांग्रेस करेगी आंदोलन : डॉ. प्रेमसाय सिंह

 | 
चुनाव खत्म होते ही मोदी सरकार ने जनता पर थोपी महंगाई, कांग्रेस करेगी आंदोलन : डॉ. प्रेमसाय सिंह


अंबिकापुर, 16 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शनिवार को अंबिकापुर के कांग्रेस कार्यालय (राजीव भवन) में जिलास्तरीय पत्रकारवार्ता का आयोजन किया गया। पेट्रोलियम पदार्थों की बेतहाशा बढ़ती कीमतों और चौतरफा महंगाई के विरोध में बुलाई गई। इस प्रेसवार्ता को मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह ने संबोधित किया।

इस अवसर पर उनके साथ सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक सहित जिले के कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में आज जिस तेजी से महंगाई बढ़ रही है, उसने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल और डीजल के दामों में की गई इस वृद्धि का सीधा असर ट्रांसपोर्टेशन पर पड़ रहा है, जिससे बाजार में बिकने वाली सभी खाद्य सामग्रियां और रोजमर्रा की जरूरी चीजें महंगी हो गई हैं। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि ईंधन के दाम बढ़ने से कृषि लागत बढ़ेगी, जिसका सबसे बुरा और सीधा असर देश के किसानों पर पड़ने वाला है।

पूर्व मंत्री ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पेट्रोल-डीजल के रेट में हुई यह बढ़ोतरी अचानक नहीं हुई है, बल्कि इसकी पटकथा पहले ही लिखी जा चुकी थी। सरकार को यह भली-भांति पता था कि चुनाव के बाद कीमतें बढ़ानी हैं, लेकिन चुनाव पर इसका कोई विपरीत प्रभाव न पड़े, इसलिए जानबूझकर इस फैसले को रोक कर रखा गया था। चुनाव प्रचार के दौरान खुद प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और अन्य केंद्रीय मंत्री जनता को गुमराह करते रहे कि देश में पर्याप्त भंडारण है और कहीं कोई समस्या नहीं आएगी। अब जबकि चुनाव संपन्न हो चुके हैं, सरकार ने तुरंत कीमतें बढ़ाकर जनता को धोखा दिया है। इस बेतहाशा महंगाई के लिए पूरी तरह से मोदी सरकार की गलत नीतियां जिम्मेदार हैं।

डॉ. प्रेमसाय सिंह ने प्रधानमंत्री के पुराने वादों की याद दिलाते हुए रोजगार के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा करने वाली मोदी सरकार आज इस विषय पर पूरी तरह मौन है। युवाओं को रोजगार देने की बात महज एक चुनावी जुमला साबित हुई है और आज बेरोजगारी से त्रस्त युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी चुप नहीं बैठेगी। सरकार की इन जनविरोधी नीतियों और महंगाई के खिलाफ कांग्रेस सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी और जनता के सामने सरकार के असली चेहरे को बेनकाब करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह