home page

केंद्र की नीतियों के विरोध में कांग्रेस का आक्रोश मार्च

 | 
केंद्र की नीतियों के विरोध में कांग्रेस का आक्रोश मार्च


धमतरी, 08 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्र सरकार की नीतियों और दिल्ली में कांग्रेस नेताओं के साथ कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में आक्रोश मार्च निकाला। ब्लाक कांग्रेस कमेटी शहर के नेतृत्व में राजीव भवन से शुरू हुआ मार्च प्रमुख मार्गों से होते हुए महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल पहुंचा। यहां कार्यकर्ताओं ने धरना देकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली में विपक्षी सांसदों को पुलिस द्वारा रोके जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और इंडिया ब्लाक के सांसद चुनाव आयोग से जवाब मांगने जा रहे थे। इस दौरान उन्हें रोक दिया गया। कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित अन्य नेताओं के साथ कथित लाठीचार्ज की भी निंदा की। ब्लाक कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष द्वय योगेश शर्मा और गौतम वाधवानी ने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने की बजाय उसके सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए। लोकतंत्र में विरोध और असहमति की जगह है। कांग्रेस कार्यकर्ता संविधान और जनता के अधिकारों के लिए अपना संघर्ष जारी रखेंगे।

गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की

मार्च के समापन पर कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। नेताओं ने गांधी के विचारों और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। प्रदर्शन में पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहन लालवानी, अरविंद दोषी, नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, उप नेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन पार्षद सुमन मेश्राम, सोमेश मेश्राम, राजेश पांडे, आशुतोष खरे, वातांजलि गोस्वामी, गणेश्वरी कामड़े, अविनाश मारोठे, कन्हैया सोनी, तारिक रजा कादरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा