गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी के विराेध में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, चूल्हे पर खाना बनाकर जताई नाराजगी
रायपुर, 09 मार्च (हि.स.)। गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने आज साेमवार काे रायपुर के घड़ी चौक में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में गैस सिलेंडर लेकर घड़ी चौक के सामने स्थित सरकारी कार्यालयों का घेराव करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और बढ़ती महंगाई को लेकर नाराजगी जताई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेत्रियों ने चूल्हे पर खाना बनाकर प्रतीकात्मक विरोध भी दर्ज कराया। उनका कहना था कि गैस सिलेंडर के दाम इतने बढ़ गए हैं कि आम महिलाओं को फिर से चूल्हे पर खाना बनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण लगातार महंगाई बढ़ रही है और आम जनता इसकी मार झेलने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर पर 60 रुपये और व्यावसायिक सिलेंडर पर 110 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

