home page

कांग्रेस का मिशन गांव चलो अभियान में ग्रामीणजन से किया जनसंपर्क

 | 
कांग्रेस का मिशन गांव चलो अभियान में ग्रामीणजन से किया जनसंपर्क


जगदलपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व मे आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नगरनार की अगुवाई में नगरनार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के द्वारा आज शनिवार काे नगरनार बाजार में ‘चाय पर चर्चा व जन्मसंपर्क’ किया गया।

इस दौरान ग्रामीणों,व्यापारियों सहित अन्य ग्रामीणजन से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गई व इसके निराकरण हेतु सड़क से लेकर सदन तक पूरी मजबूती से आवाज बुलंद करने का आवश्वासन दिया। जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों एवं व्यापारियों ने बिजली के बढ़ते बिल, स्मार्ट मीटर, कृषि सामग्री की उपलब्धता, खाद-यूरिया की समस्या, किसानों से जुड़े मुद्दों तथा एनएमडीसी से प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं को कांग्रेस नेताओं के समक्ष रखा। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण को लेकर उन्हें लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

पूर्व जगदलपुर विधायक रेखचंद जैन ने ग्रामीणों एवं व्यापारियों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से आम जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए संघर्ष करने में विश्वास रखती है। नगरनार क्षेत्र की जनता द्वारा उठाए गए सभी महत्वपूर्ण मुद्दों को कांग्रेस संगठन के माध्यम से मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा। मिशन गांव चलो अभियान के माध्यम से कांग्रेस का उद्देश्य आम जनता से सीधा संपर्क स्थापित करना, उनकी समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए संघर्ष की रूपरेखा तैयार कर जनता के हित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को पूरी गंभीरता और मजबूती के साथ आवाज उठाना है!

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा स्मार्ट मीटर और महंगी बिजली बिल से ग्रामीण परेशान है,किसानों को खाद, यूरिया,पोटाश की समस्या बढ़ती जा रही है,लगातार एनएमडीसी की वादा खिलाफी से प्रभावित ग्रामीण जन और किसान परेशान हैं। उन्हाेने कहा कि स्थानीय विधायक किरण देव की उदासीनता से आम जनता त्रस्त है। उन्होंने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत आवश्यकता को आम जनता के लिए आर्थिक बोझ नहीं बनाया जाना चाहिए। खेती के महत्वपूर्ण समय में यदि किसानों को समय पर आवश्यक कृषि सामग्री नहीं मिलेगी तो इसका सीधा असर उनकी फसल पर पड़ेगा। भाजपा की सरकार को किसानों की इन समस्याओं का तत्काल समाधान करना चाहिए।

नगरनार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संतोष सेठिया ने कहा कि कांग्रेस का ‘मिशन गांव चलो’ अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि गांव और आम जनता के बीच सीधे संवाद का माध्यम है। कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और बाजार-बाजार पहुंचकर जनता की वास्तविक समस्याओं को समझ रहे हैं।नगरनार क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों और व्यापारियों ने जिन समस्याओं को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सामने रखा है, उन्हें पूरी गंभीरता से लिया गया है। संबंधित समस्याओं को उचित मंच पर उठाया जाएगा और उनके निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

इस दौरान वीरेंद्र साहनी, लेखन बघेल ,अभिषेक नायडू, नीतीश शर्मा, अमित पाण्डे, घनश्याम महापात्रा, दयाराम कश्यप,भोजराज नाग,कमल बघेल,लक्मन सेठिया,धनुजय दास, संजय नाग, धरम दास नाग,मुकद नेताम सहित अन्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे