home page

कांग्रेस के बीजापुर विधायक ने किसानों के साथ ट्रैक्टर रैली निकालकर सौंपा ज्ञापन

 | 
कांग्रेस के बीजापुर विधायक ने किसानों के साथ ट्रैक्टर रैली निकालकर सौंपा ज्ञापन


बीजापुर, 22 जून (हि.स.)। जिले में खेती-किसानी के कार्य तेज होने के साथ ही डीजल की कमी और लगातार बढ़ती कीमतों काे लेकर आज सोमवार को कांग्रेस के बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने जिले के किसानों के साथ ट्रैक्टर रैली निकाली और सरकार से तत्काल पर्याप्त डीजल उपलब्ध कराने की मांग की।

रैली नैमेड स्थित नए बस स्टैंड से शुरू हाेकर ट्रैक्टरों की लंबी कतार में शामिल किसान नारेबाजी करते हुए जिला मुख्यालय पहुंचे। रैली का मार्ग विभिन्न डीजल पंपों के सामने से होकर गुजरा, जहां किसानों ने डीजल उपलब्ध कराने की मांग की। अंत में रैली नए बस स्टैंड पर पहुंचकर सभा और धरना प्रदर्शन में परिवर्तित हो गई।

ट्रैक्टर रैली में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए कांग्रेस के बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि मानसून आ रहा है। किसानों को खेती-किसानी की तैयारियां करनी हैं, लेकिन अभी तक वे डीजल के लिए धक्के खा रहे हैं। सरकार को बिना किसी परेशानी के किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध कराना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यह स्थिति बनी रही तो किसानों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

कांग्रेस के बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने किसानों के साथ मिलकर कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि जिले के पेट्रोल पंपों पर डीजल की भारी किल्लत है। लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं और किसान खरीफ फसल की जोताई-बुआई नहीं कर पा रहे हैं। कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध कराए जाने, किसानों को ट्रैक्टरों के लिए पर्याप्त मात्रा में डीजल दिए जाने, आवश्यकता अनुसार किसानों को ड्रमों में डीजल उपलब्ध कराए जाने, कुटरू, गंगालूर, भैरमगढ़, आवापल्ली, बासागुड़ा एवं मद्देड क्षेत्रों में नए पेट्रोल पंप खोले जाने की मांग की गई। इसके अलावा वर्तमान में किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया गया। ज्ञापन में खाद और बीज की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग प्रमुखता से की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे