home page

खाद-बीज संकट और बिजली दरों में बढ़ोतरी पर कांग्रेस ने घेरा कलेक्ट्रेट

 | 
खाद-बीज संकट और बिजली दरों में बढ़ोतरी पर कांग्रेस ने घेरा कलेक्ट्रेट


खाद-बीज संकट और बिजली दरों में बढ़ोतरी पर कांग्रेस ने घेरा कलेक्ट्रेट


धमतरी, 17 जून (हि.स.)। सोसाइटियों में खाद-बीज के संकट, बिजली दरों में बेतहाशा बढ़ोतरी, लगातार अघोषित बिजली कटौती और जिले में बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट घेराव कर प्रदेश सरकार के खिलाफ हल्ला बोला। कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोक दिया। जिसके बाद एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़ गए और साय सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कलेक्ट्रेट घेराव से पहले आयोजित सभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने विष्णुदेव साय सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसान खाद-बीज के लिए सोसायटियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। आम जनता महंगी बिजली और अघोषित कटौती से परेशान है, वहीं कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। महंगाई ने हर वर्ग की कमर तोड़ दी है, लेकिन सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान के बजाय अन्य मुद्दों में उलझी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में रेत खनन को लेकर गैंगवार की स्थिति निर्मित हो गई है और सत्ता के संरक्षण में माफिया व गुंडा तत्व हावी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था के मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए ईडी की छापेमारी का सहारा लिया जा रहा है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर एवं विधायक धमतरी ओंकार साहू और विधायक सिहावा अंबिका मरकाम ने आरोप लगाया कि सोसायटियों में खाद-बीज की कृत्रिम कमी पैदा कर किसानों को परेशान किया जा रहा है, जिससे उन्हें खुले बाजार से महंगे दामों पर खाद-बीज खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली दरों में बढ़ोतरी और अघोषित कटौती से आम जनता, किसान और छोटे उद्योग प्रभावित हैं। जिले सहित पूरे प्रदेश में बढ़ते अपराधों से लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने में सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। प्रदर्शन के बाद जिला कांग्रेस कमेटी ने छत्तीसगढ़ की वर्तमान विष्णु देव साय सरकार को तत्काल बर्खास्त करने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका के नाम ज्ञापन एसडीएम धमतरी पीयूष तिवारी को सौंपा।

इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री अनिला भेड़िया, पूर्व विधायक लेखराम साहू, डा लक्ष्मी ध्रुव, जिला पंचायत सदस्य कविता योगेश बाबर, नीलम चंद्राकर, पूर्व महापौर विजय देवांगन, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष नीशू चंद्राकर, पूर्व जिलाध्यक्ष मोहन लालवानी, आनंद पवार, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष राजेंद्र सोनी, महिला कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष अंबिका सिन्हा, गौतम वाधवानी, राजा देवांगन, नरेंद्र सोनवानी, दीपक सोनकर, विशु देवांगन, आशुतोष खरे, वातांजलि गोस्वामी, गणेश्वरी कामड़े, धर्मेंद्र पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

सरकार की प्राथमिकता शिक्षा नहीं, बल्कि स्कूलों में मंत्र जाप कराना है : दीपक बैज

दीपक बैज ने आरोप लगाया कि सरकार की प्राथमिकता शिक्षा और विकास नहीं, बल्कि स्कूलों में मंत्र जाप कराना है। प्रदेश में अनेक स्कूल शिक्षकविहीन हैं, कई भवन जर्जर स्थिति में हैं और विद्यार्थियों तक समय पर कापी, किताबें एवं ड्रेस तक नहीं पहुंच पाई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी व्यवस्थाओं को पूरी तरह बदहाल कर दिया है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में नकली मंगलसूत्र वितरण और महिला एवं बाल विकास विभाग में भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है और अब आम जनता भी स्वस्फूर्त होकर सरकार के खिलाफ आवाज उठाने लगी है। ढाई साल के भीतर ही साय सरकार जनता का भरोसा खो चुकी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा