home page

6.50 लाख की ठगी का आरोपित कांग्रेस जिला महामंत्री रितेश पटेल गिरफ्तार

 | 
6.50 लाख की ठगी का आरोपित कांग्रेस जिला महामंत्री रितेश पटेल गिरफ्तार


कोंड़ागांव, 14 जून (हि.स.)। जिला मुख्यालय में रविवार को उस समय राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई, जब कांग्रेस के जिला महामंत्री रितेश पटेल को पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरोला निवासी अभिराम सोरी ने सिटी कोतवाली कोंड़ागांव में शिकायत दर्ज कराई थी कि रितेश पटेल ने भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल के दौरान पटवारी की नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे 6 लाख 50 हजार रुपये लिए थे।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि निर्धारित समय में नौकरी नहीं लगने पर उसने अपनी राशि वापस मांगी, जिसके बाद रितेश पटेल द्वारा रकम लौटाने के लिए कई चेक दिए गए। जब चेक बैंक में प्रस्तुत किए जाने पर सभी चेक बाउंस हो गए। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस की शरण ली और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान आरोपों को प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज किया।

सिटी कोतवाली कोंड़ागांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रविवार को रितेश पटेल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं इसी तरह अन्य लोगों से भी ठगी तो नहीं की गई है या इस मामले पर अन्य लोगों की भी संलिप्तता तो नहीं। कोंड़ागांव पुलिस के अनुसार मामले में आवश्यक कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे