home page

स्ट्रीट लाइट और जल प्रदाय सामग्री की कमी पर भड़के कांग्रेसी पार्षद, व्यवस्था सुधार की मांग

 | 
स्ट्रीट लाइट और जल प्रदाय सामग्री की कमी पर भड़के कांग्रेसी पार्षद, व्यवस्था सुधार की मांग


तीन दिन में खरीद नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

धमतरी, 31 जुलाई (हि.स.)। नगर पालिक निगम धमतरी में पिछले लगभग चार माह से स्ट्रीट लाइट, केबल वायर और जल प्रदाय से जुड़ी आवश्यक सामग्री की खरीदी नहीं होने का मुद्दा अब तूल पकड़ने लगा है। इस संबंध में उपनेता प्रतिपक्ष सत्येन्द्र (विशु) देवांगन के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षद दल ने शुक्रवार को नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक सामग्री की तत्काल खरीद की मांग की।

कांग्रेसी पार्षदों ने कहा कि सामग्री उपलब्ध नहीं होने के कारण शहर के विभिन्न वार्डों में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत नहीं हो पा रही है, क्षतिग्रस्त केबल वायर नहीं बदले जा रहे हैं तथा जल प्रदाय व्यवस्था से जुड़े मरम्मत और संधारण कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। इसका सीधा असर आम नागरिकों पर पड़ रहा है और लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है। पार्षदों ने बताया कि जनप्रतिनिधियों के पास लगातार शिकायतें पहुंच रही हैं, लेकिन आवश्यक सामग्री के अभाव में समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।

नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर ने कहा कि नगर निगम प्रशासन जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्ट्रीट लाइट, केबल वायर और जल प्रदाय से संबंधित सभी आवश्यक सामग्री का तत्काल क्रय कर संबंधित विभागों को उपलब्ध कराए, ताकि नगरवासियों को बेहतर और सुचारु सुविधाएं मिल सकें। वहीं पार्षद पूर्णिमा गजानंद रजक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तीन दिनों के भीतर आवश्यक सामग्री की खरीद नहीं की गई तो कांग्रेस पार्षद दल नगर निगम परिसर के सामने जनहित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, उपनेता प्रतिपक्ष सत्येन्द्र (विशु) देवांगन, पूर्णिमा गजानंद रजक, रामेश्वरी कोसरे, गजानंद रजक, भागी ध्रुव सहित कांग्रेस पार्षद दल के सदस्य उपस्थित रहे। आयुक्त अरूण कुमार वर्मा ने मांगों के निराकरण का आश्वासन दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा