home page

कांग्रेस का बिजली बिल बढ़ोत्तरी के खिलाफ जनसंपर्क जारी, भरवाए स्मार्ट मीटर विरोधी आवेदन

 | 
कांग्रेस का बिजली बिल बढ़ोत्तरी के खिलाफ जनसंपर्क जारी, भरवाए स्मार्ट मीटर विरोधी आवेदन


जगदलपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। स्मार्ट मीटर लगाए जाने एवं बिजली बिलों में लगातार हो रही बढ़ोत्तरी के खिलाफ कांग्रेस द्वारा चलाया जा रहे जनसंपर्क अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में आज गुरुवार काे शहर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न वार्डों में घर-घर पहुंचकर बिजली उपभोक्ताओं से संवाद किया और स्मार्ट मीटर के विरोध में आवेदन फॉर्म भरवाए।

आज शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य की उपस्थिति में उत्तर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सूर्यापानी एवं वार्ड छाया पार्षद के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने डोर-टू-डोर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाते हुए आम उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर से संबंधित विषयों, बिजली बिलों में बढ़ोत्तरी तथा आम जनता पर पड़ रहे आर्थिक बोझ को लेकर जानकारी दी। साथ ही उपभोक्ताओं की समस्याओं और शिकायतों को सुना गया तथा स्मार्ट मीटर के विरोध में उनके आवेदन फॉर्म भरवाए गए। इस दौरान बड़ी संख्या में बिजली उपभोक्ताओं ने अपनी समस्याएं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सामने रखते हुए कहा कि बिजली के बढ़ते बिलों ने घरेलू बजट को बेहद प्रभावित किया है।

सुशील मौर्य ने कहा कि स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर आम जनता में लगातार नाराजगी और चिंता है। भाजपा सरकार को जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभावी कदम उठाना चाहिए। भाजपा सरकार की जिम्मेदारी है कि वह उपभोक्ताओं को राहत दे और बिजली व्यवस्था को पारदर्शी एवं उपभोक्ता हितैषी बनाए। कांग्रेस जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुन रही है और स्मार्ट मीटर तथा बिजली बिल बढ़ोत्तरी के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद कर रही है। यदि सरकार आम उपभोक्ताओं की समस्याओं पर ध्यान नहीं देती है, तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को और व्यापक स्तर पर उठाएगी।

उत्तर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सूर्यापानी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनहित के मुद्दों पर जनता के साथ खड़ी रही है। स्मार्ट मीटर और बिजली बिलों को लेकर उपभोक्ताओं में जो परेशानी है, उसे इस भाजपा सरकार को समझना चाहिए। जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस पार्टी पुरजोर लड़ाई लड़ेगी और आम जनता की आवाज को मजबूती के साथ सरकार तक पहुंचाएगी। डोर-टू-डोर जनसंपर्क के इस अभियान का उद्देश्य केवल विरोध दर्ज कराना नहीं,बल्कि आम बिजली उपभोक्ताओं को उनके मुद्दों और अधिकारों के प्रति जागरूक करना भी है।

इस दौरान पूर्व सभापति कविता साहू, नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र परिहार, महामंत्री अभिषेक नायडू, अमरनाथ सिंह, महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष लता निषाद, मन्नू सेन, व्यापारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजेंद्र पटवा, एस नीला, वकील यादव, कमला भत्तरा आदि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे