home page

स्मार्ट मीटर एवं बिजली बिल बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस का डोर-टू-डोर संपर्क जारी

 | 
स्मार्ट मीटर एवं बिजली बिल बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस का डोर-टू-डोर संपर्क जारी


जगदलपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष के नेतृत्व में स्मार्ट मीटर लगाए जाने और बिजली बिल में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस का अभियान के तहत आज गुरुवार को कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आड़ावाल क्षेत्र में घर-घर और प्रतिष्ठानों में पहुंचकर बिजली उपभोक्ताओं से संवाद किया।

इस दौरान उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनी गईं और उनकी आपत्तियां दर्ज करते हुए स्मार्ट मीटर विरोधी आवेदन भरवाए गए। अभियान के दौरान कई उपभोक्ताओं ने बिजली बिल बढ़ने और स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर अपनी चिंताएं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सामने रखीं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों और आपत्तियों को एकत्र कर सरकार के समक्ष रखा जाएगा।

इस दाैरान पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने कहा कि कांग्रेस बिजली उपभोक्ताओं के हित में सरकार से लगातार मांग कर रही है। उन्होंने बिजली बिल में की गई बढ़ोतरी वापस लेने, स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगाने और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को फिर से बहाल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बढ़े हुए बिजली बिल का असर गरीब, मध्यमवर्गीय और सामान्य परिवारों के घरेलू बजट पर पड़ रहा है।

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिल को लेकर आम उपभोक्ताओं में असंतोष है। कांग्रेस कार्यकर्ता केवल प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि घर-घर जाकर लोगों की वास्तविक समस्याएं समझेंगे और उनकी आवाज सरकार तक पहुंचाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे