home page

कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त का किया पुतला दहन, सौंपा ज्ञापन

 | 
कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त का किया पुतला दहन, सौंपा ज्ञापन


जगदलपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जगदलपुर में बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर-ग्रामीण के संयुक्त तत्वाधान में शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य एवं ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के द्वारा आज राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया ।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के लोकतंत्र विरोधी कार्यशैली के विरोध में उनके इस्तीफे और 2023 के विवादित अधिनियम को रद्द करने की मांग को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन करने के उपरांत कलेक्ट्रेट कार्यालय तक पैदल मार्च कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया ।

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा भारत का निर्वाचन आयोग लोकतंत्र का प्रमुख स्तंभ रहा है, परंतु वर्तमान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में इसकी साख, स्वायत्तता और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आज देश के विभिन्न क्षेत्रों से मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर धांधली और वैध मतदाताओं के नाम मनमाने ढंग से काटे जाने (वोट चोरी) की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। निर्वाचन आयोग इन गंभीर अनियमितताओं पर पारदर्शी और ठोस कार्रवाई करने के बजाय मूकदर्शक बना हुआ है। आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामलों में चुनाव आयोग का रवैया पूरी तरह दोहरा और पक्षपातपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों में अनियमितताओं, वैध मतदाताओं के नाम हटाए जाने तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान सामने आई शिकायतों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। कांग्रेस की मांग है कि किसी भी वास्तविक और पात्र मतदाता का नाम केवल प्रशासनिक लापरवाही के कारण मतदाता सूची से बाहर नहीं होना चाहिए। मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी लोकतांत्रिक अधिकारों को सीधे प्रभावित करती है।

कांग्रेस की मुख्य मांगे है की निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया का विश्वास बहाल करने हेतु मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से तत्काल इस्तीफा दें। मुख्य निर्वाचन आयुक्त एवं अन्य निर्वाचन आयुक्त अधिनियम, 2023 को तुरंत प्रभाव से रद्द किया जाए और माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्णय के अनुसार चयन समिति में सीजेआई को पुनः शामिल किया जाए।मतदाता सूची पुनरीक्षण में हुई सभी गड़बड़ियों की एक स्वतंत्र न्यायिक जांच समिति द्वारा जांच कराई जाए।

इस प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से प्रदेश प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, विक्रम सिंह डांगी,पूर्व विधायक रेखचंद जैन,पूर्व महापौर जतिन जायसवाल,नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी,पूर्व सभापति कविता साहू,कोमल सेना, महामंत्री अभिषेक नायडू,महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद,यूंका अध्यक्ष निकेत राज झा, ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव,संतोष सेठिया, फूलसिंह बघेल, अल्पसंख्यक अध्यक्ष रोजविन दास,पिछड़ा वर्ग अध्यक्ष शुभम यदू,अनवर खान,बबली खान,अपर्णा बाजपेई आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे