home page

केंद्र सरकार के नीतियों ने देश को महंगाई के ज्वालामुखी में धकेल दिया : कांग्रेस

 | 
केंद्र सरकार के नीतियों ने देश को महंगाई के ज्वालामुखी में धकेल दिया : कांग्रेस


धमतरी, 15 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की देशवासियों से की गई अपील और बढ़ती महंगाई को लेकर शुक्रवार को जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों ने देश को महंगाई के ज्वालामुखी में धकेल दिया है।

शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम जनता का जीवन प्रभावित हुआ है। उनका आरोप है कि सरकार राहत देने की बजाय उपभोग कम करने की सलाह दे रही है, जो जनता की समस्याओं का समाधान नहीं है। किसानों को उर्वरक की कमी से जूझना पड़ रहा है और किसानी की लागत बढ़ती जा रही है। छत्तीसगढ़ में 15 लाख मीट्रिक टन उर्वरक की आवश्यकता के मुकाबले अब तक केवल 51 हजार मीट्रिक टन ही सोसायटियों तक पहुंच पाया है, जो कुल जरूरत का मात्र 30 प्रतिशत है। वहीं 70 प्रतिशत आपूर्ति अभी भी लंबित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं, जिनकी नीतियों से राष्ट्र की उत्पादकता प्रभावित हो रही है। एक ओर राज्य में गोबर खरीदी और गोठान जैसी किसानों की योजनाएं बंद की जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री मोदी किसानों को जैविक उर्वरक अपनाने की सलाह दे रहे हैं। ऐसे में सवाल है कि जैविक उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता आखिर कहां से होगी। प्रधानमंत्री मोदी लोगों को वर्क फ्राम होम अपनाने की सलाह दे रहे हैं, जो जमीनी स्तर पर काम करने वाले लोगों के लिए व्यावहारिक नहीं है। फील्ड में काम करने वाले, गली-मोहल्लों में सामान बेचने वाले और रोजगार के लिए बाहर निकलने वाले लोग अपनी आजीविका कैसे चलाएंगे। देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने आराम हराम है का संदेश दिया था। वहीं वर्तमान समय में लोगों को कम काम करने और घर पर रहने जैसी सलाह दी जा रही है, जो आर्थिक गतिविधियों को प्रभावित कर सकती है।

मोदी राज में सोना 50 गुना महंगा हुआवर्ष 2013 में कांग्रेस सरकार थी तब सोने की कीमत लगभग 28 से 30 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम थी जो अब बढ़कर करीब 1.52 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है। 12 वर्षों में सोना 50 गुना महंगा हुआ है, जो बढ़ती महंगाई का संकेत है। प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्राओं पर करोड़ों रुपये खर्च होने का आरोप लगाया है। प्रधानमंत्री बनने के बाद कई देशों की यात्राओं पर भारी व्यय हुआ है और निजी विमान के उपयोग को लेकर भी सवाल उठे हैं। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल के दामों में लगातार वृद्धि हुई है, जिससे आम जनता पर बोझ बढ़ा है। उन्होंने इसे सरकार की नीतियों की विफलता बताया है। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारिणी नीलम चंद्राकर, धमतरी विधायक ओंकार साहू, पूर्व महापौर विजय देवांगन, पूर्व जिलाध्यक्ष मोहन लालवानी, युवा नेता आनंद पवार, जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष अंबिका सिन्हा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा