home page

कुरूद में भक्ति, हरियाली और संस्कृति का संगम: भव्य श्री जगन्नाथ रथयात्रा के साथ हरियाली साप्ताहिक उत्सव का शुभारंभ

 | 
कुरूद में भक्ति, हरियाली और संस्कृति का संगम: भव्य श्री जगन्नाथ रथयात्रा के साथ हरियाली साप्ताहिक उत्सव का शुभारंभ


धमतरी, 16 जुलाई (हि.स.)। कुरूद नगर में भगवान श्री जगन्नाथ की पारंपरिक एवं भव्य रथयात्रा गुरूवार को श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक उल्लास के बीच निकाली गई। श्री जगन्नाथ समिति कुरूद द्वारा आयोजित दो दिवसीय धार्मिक आयोजन में भगवान का वस्त्र श्रृंगार, हवन-पूजन और अन्य वैदिक अनुष्ठानों के पश्चात गुरुवार को श्री राम मंदिर गांधी चौक से भव्य रथयात्रा प्रारंभ हुई। धूमाल की मधुर थाप, जय जगन्नाथ के गगनभेदी जयघोष और भक्तिमय वातावरण के बीच हजारों श्रद्धालु रथ के साथ शामिल हुए।

श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के दिव्य रथ को खींचकर स्वयं को धन्य माना तथा नगर की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। शोभायात्रा चंडी मंदिर, थाना चौक, पुराना बाजार, सरोजनी चौक और कारगिल चौक सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। बारिश की मनमोहक फुहारों के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। रथयात्रा में गजामूंग प्रसादी का वितरण किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर, विधायक प्रतिनिधि भानु चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। ज्योति भानु चंद्राकर ने नगरवासियों को रथयात्रा की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्री जगन्नाथ से नगर के विकास, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इसी पावन अवसर पर नगर पालिका परिषद कुरूद द्वारा 16 जुलाई से 22 जुलाई तक आयोजित हरियाली साप्ताहिक उत्सव-2026 का भी शुभारंभ किया गया।

भारत माता चौक स्थित केनाल रोड से प्रारंभ हुए इस अभियान के तहत भारत माता चौक से पीडब्ल्यूडी कार्यालय तक पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं, नगर पालिका और वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता निभाई।

सप्ताहभर चलने वाले इस अभियान के दौरान नगर की विभिन्न शासकीय भूमि पर हजारों पौधे लगाए जाएंगे। पर्यावरण संरक्षण के इस जनअभियान को सांस्कृतिक स्वरूप देने के उद्देश्य से आयुष सेवा संस्थान द्वारा स्वामी विवेकानंद मंगल भवन, केनाल रोड में दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी शुभारंभ किया गया। नगर पालिका परिषद ने सभी जनप्रतिनिधियों, नगरवासियों, पर्यावरण प्रेमियों, संस्कृति एवं कला प्रेमियों, युवाओं, मातृशक्ति और सामाजिक संगठनों से हरियाली उत्सव में सहभागी बनकर इसे ऐतिहासिक जनआंदोलन बनाने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा