निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें निर्माण कार्य : कलेक्टर
कोरबा, 28 मार्च (हि. स.)। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) के तहत आज शनिवार काे स्वीकृत स्वास्थ्य विभाग के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और ठेकेदारों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी निर्माण कार्य तय समय-सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता जीआर जांगड़े सहित एसडीओ और सब-इंजीनियरों की मौजूदगी में करीब 30 निर्माणाधीन स्वास्थ्य भवनों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने ठेकेदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य लेने के बाद अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं होगी और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त मजदूर लगाकर काम जल्द पूरा किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से इन भवनों का निर्माण किया जा रहा है, इसलिए समय पर कार्य पूर्ण होना जरूरी है, ताकि आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि बारिश से पहले सभी निर्माण कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं।
बैठक में कलेक्टर ने यह भी कहा कि यदि ठेकेदारों को भुगतान या निर्माण से संबंधित कोई समस्या है, तो वे तत्काल अवगत कराएं, ताकि उसका शीघ्र समाधान किया जा सके। इसके साथ ही सभी स्वास्थ्य केंद्रों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बोरिंग और टाइल्स लगाने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालपुर, माचाडोली, अमलीकुंडा, सेमरा और चाकाबुड़ा सहित अन्य स्थानों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही चिर्रा-श्यांग मार्ग के निर्माण कार्य को भी तय समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए संबंधित ठेकेदार को निर्देशित किया।
उन्होंने सभी कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

