हिंछापुर के 32 घरों में महुआ शराब की बिक्री की शिकायत
धमतरी, 08 मई (हि.स.)। हिंछापुर में महुआ शराब के अवैध बिक्री जोरों पर है। जानकारी के अनुसार यहां 32 घरों में महुआ शराब की अवैध बिक्री हो रही है, लेकिन विभाग अंजान है। पुलिस व आबकारी विभाग द्वारा महुआ शराब के अवैध बिक्री व निर्माण पर कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीण आक्रोशित हैं। ग्रामीणों की कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
धमतरी जिले के नगरी ब्लाॅक अंतर्गत हिंछापुर में महुआ शराब की अवैध बिक्री व निर्माण जारी है। जांच के लिए पहुंचे आबकारी विभाग की टीम को यहां पर शराब बनते नहीं दिखा। ग्रामीणों का आरोप है कि यहां किसी तरह कोई कार्रवाई नहीं की। जबकि गांव में 32 घरों में खुलेआम शाम होते ही महुआ शराब की अवैध बिक्री होती है। इन घरों के सामने भीड़ लगती है। महुआ शराब के माफियाओं के घरों में शराब बनाने के लिए कई ड्रम व अन्य सामग्री लगे हुए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी जानबूझकर कार्रवाई नहीं कर रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि यहां एक घर तो ऐसा है, जहां 25-30 किलो महुआ से हर रोज महुआ शराब बनाई जाती है। इस तरह यहां के 32 माफियाओं द्वारा हर रोज डेढ़ से दो लाख रुपये तक का महुआ शराब बेचते हैं। ग्रामीणों की मांग है कि जिला स्तर के पुलिस व आबकारी अधिकारी गांव पहुंचकर ग्रामीणों की बैठक लें, तो ग्रामीण यहां के माफियाओं के नाम गिनाकर उन्हें सार्वजनिक करेंगे। साथ ही नाम सार्वजनिक होने के बाद उन्हें महुआ शराब के अवैध कारोबार बंद करने कहा जाए, नहीं तो आक्रोशित ग्रामीण शीघ्र ही एसपी व आबकारी विभाग का घेराव कर प्रदर्शन करेंगे। अवैध कच्ची शराब बिक्री के कारण गांव का माहौल बेहद खराब हो गया है। महिलाओं का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। युवा वर्ग शराब की लत में फंस रहे हैं।
इस संबंध में एएसपी धमतरी शैलेन्द्र पांडेय ने कहा कि हिंछापुर में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस के मुखबिर जानकारी ले रहे हैं। खबर मिलते ही सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला आबकारी अधिकारी धमतरी निरूपमा लोन्हारे ने कहा कि आबकारी के अधिकारी-कर्मचारियों की टीम हिंछापुर पहुंची थी। छापेमार कार्रवाई की, लेकिन यहां कुछ भी नहीं मिला। यदि हमें ग्रामीण जानकारी दें या बेचने वालों की जानकारी व पता उपलब्ध करा दें, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

