खारुन नदी में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराने आयुक्त ने दिए निर्देश
-दशहरा उत्सव की तैयारियों के लिए नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
रायपुर 19 अक्टूबर (हि.स.)। नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त संबित मिश्रा ने 20 अक्टूबर को आयोजित होने वाले दशहरा उत्सव एवं दुर्गा माता प्रतिमा विसर्जन के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी ) एवं छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करते हुए खारुन नदी में दुर्गा माता की प्रतिमाओं के विसर्जन पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
शहर में दशहरा उत्सव के अवसर पर रावणभाठा, डब्ल्यूआरएस कॉलोनी, चौबे कॉलोनी, राजेन्द्र नगर, शंकर नगर तथा रामकुंड (स्वामी विवेकानंद आश्रम के पास) में रावण पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन सभी स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, अग्निशमन वाहन, स्थल समतलीकरण, पहुंच मार्गों की सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक प्रबंध करने की जिम्मेदारी संबंधित जोन कमिश्नरों को सौंपी गई है। जोन कमिश्नर अपने-अपने क्षेत्रों में नोडल अधिकारी के रूप में कार्य करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण कराएंगे।
नगर निगम आयुक्त ने साेमवार काे निर्देशित किया है कि दुर्गा माता प्रतिमा विसर्जन के दौरान नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल एवं छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। खारुन नदी में प्रतिमा विसर्जन पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराते हुए प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित विसर्जन कुंड में ही कराया जाए। विसर्जन से पहले पूजन सामग्री को अलग कर निर्धारित स्थल पर रखा जाए। स्थायी विसर्जन कुंड में जमा मलबा, बांस-बल्लियां एवं अन्य सामग्री को 24 घंटे के भीतर बाहर निकालने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि जल प्रदूषण को रोका जा सके।
इसके साथ ही ध्वनि एवं वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए रायपुर जिला प्रशासन तथा रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
विसर्जन कुंड स्थल पर समग्र व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आयुक्त श्री संबित मिश्रा द्वारा नगर निगम के अधिकारियों की समिति गठित की गई है। समिति में अपर आयुक्त श्री विनोद पाण्डेय, उपायुक्त स्वास्थ्य श्री जसदेव सिंह बाबरा, जोन क्रमांक 2 के कमिश्नर श्री संतोष पाण्डेय, जोन क्रमांक 5 के कमिश्नर श्री राकेश शर्मा, जोन क्रमांक 6 की कमिश्नर श्रीमती प्रीति सिंह, प्रभारी अधीक्षण अभियंता श्री राजेश राठौर, कार्यपालन अभियंता जल विभाग श्री नर सिंग फरेन्द्र तथा कार्यपालन अभियंता विद्युत विभाग श्री संदीप शर्मा को शामिल किया गया है।
समिति द्वारा विसर्जन कुंड स्थल पर शामियाना, प्रकाश व्यवस्था, माइक, अग्निशमन वाहन, चिकित्सा सुविधा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। नगर निगम प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा दशहरा उत्सव एवं प्रतिमा विसर्जन के दौरान स्वच्छता, सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े निर्देशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

