home page

कोरबा : राजस्व वसूली में सुस्ती पर आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सख्त, जिम्मेदार राजस्व निरीक्षकों को नोटिस जारी करने के निर्देश

 | 
कोरबा : राजस्व वसूली में सुस्ती पर आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सख्त, जिम्मेदार राजस्व निरीक्षकों को नोटिस जारी करने के निर्देश


कोरबा, 28 जुलाई (हि. स.)। नगर पालिक निगम कोरबा में राजस्व वसूली की धीमी रफ्तार पर आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने कड़ा रुख अपनाया है। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली नहीं होने पर उन्होंने संबंधित राजस्व निरीक्षकों, उप निरीक्षकों और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया कि तय समयसीमा के भीतर लक्ष्य पूरा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

मंगलवार को निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत स्थित सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने अपर आयुक्त विनय मिश्रा, उपायुक्त नीरज कौशिक, संपत्तिकर अधिकारी अनिरुद्ध सिंह तथा निगम के राजस्व निरीक्षकों, उप निरीक्षकों और सहायक राजस्व निरीक्षकों के साथ राजस्व वसूली की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक के दौरान संपत्तिकर, समेकित कर, जलकर, शिक्षा उपकर, भवन किराया, दुकान किराया सहित विभिन्न मदों में राजस्व संग्रह की स्थिति का जोनवार और वार्डवार विश्लेषण किया गया। समीक्षा में कई क्षेत्रों में लक्ष्य के मुकाबले कम वसूली सामने आने पर आयुक्त ने नाराजगी जताई और अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।

आयुक्त पाण्डेय ने कहा कि पिछले वर्षों के बकाया कर के साथ-साथ चालू वित्तीय वर्ष के करों की वसूली में तेजी लाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बकायादारों से लगातार संपर्क कर बकाया राशि निगम कोष में जमा कराई जाए। विशेष रूप से बड़े बकायादारों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने और राजस्व वसूली से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं में तेजी लाने पर जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि नगर निगम के विकास कार्यों, आधारभूत संरचनाओं के निर्माण और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए नियमित राजस्व संग्रह बेहद आवश्यक है। यदि कर समय पर निगम को प्राप्त होगा तो विकास कार्यों की गति भी बनी रहेगी और नागरिक सुविधाओं में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने शहर के करदाताओं और बकायादारों से भी अपील की कि वे संपत्तिकर, जलकर और अन्य देय करों का समय पर भुगतान करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से ही शहर में विकास कार्यों को गति मिलेगी और आवश्यक नागरिक सेवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी।

बैठक में अपर आयुक्त विनय मिश्रा, उपायुक्त नीरज कौशिक, संपदा अधिकारी अनिरुद्ध सिंह, सहायक राजस्व अधिकारी सुमित गुप्ता, उप जोन प्रभारी अजय अग्रवाल सहित निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी