home page

व्यावसायिक गैस सिलिंडर महंगा, कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

 | 
व्यावसायिक गैस सिलिंडर महंगा, कांग्रेस ने किया प्रदर्शन


-993 रुपये की बढ़ोतरी के विरोध में नारेबाजी, कीमतें वापस लेने की मांग

धमतरी, 03 मई (हि.स.)। व्यावसायिक गैस सिलिंडर की कीमतों में 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को गोल बाजार के सामने तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की गई।

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने अचानक गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाकर आम जनता और छोटे व्यवसायियों पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। उन्होंने बताया कि पहले भी कई बार सिलिंडर के दाम बढ़ाए जा चुके हैं और अब एक बार फिर 993 रुपये की वृद्धि कर लोगों को बड़ा झटका दिया गया है।

तारिणी चंद्राकर ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकारें लगातार महंगाई बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव समाप्त होते ही गैस की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई, जिससे आम आदमी की परेशानियां और बढ़ेंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने यह निर्णय वापस नहीं लिया तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी। कार्यक्रम को अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक लेखराम साहू, पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मोहन लालवानी, पूर्व पीसीसी सचिव आनंद पवार, जिला प्रभारी महामंत्री अरविंद दोषी, ब्लॉक अध्यक्ष गौतम वाधवानी, वरिष्ठ नेता गोपाल प्रसाद शर्मा, विजय प्रकाश जैन, हरमिंदर छाबड़ा, बृजेश जगताप, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष कविता बाबर, सलीम रोकडिया, सूर्यप्रभा चेटयार, जिला महामंत्री आलोक जाधव, विक्रांत पवार, आकाश गोलछा, उप नेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष ग्रामीण अंबिका सिन्हा, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष शहर शास्त्री सोनवानी, पार्षद सुमन मेश्राम, रामनाथ यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा