रायपुर : कलेक्टर ने ली समय-सीमा बैठक, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
रायपुर, 4 अगस्त (हि.स.)। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने आज मंगलवार को रेडक्रॉस सभाकक्ष में जिले के विभिन्न विभागों की समय-सीमा बैठक ली। बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, जन शिकायतों के निराकरण एवं लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की गई।
कलेक्टर डॉ सिंह ने पीजी पोर्टल, कलेक्टर कॉल सेंटर एवं मुख्यमंत्री जनदर्शन में दर्ज प्रकरणों की एक-एक कर समीक्षा की। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का भी त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।
प्रोजेक्ट समन्वय के कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निराकरण नीचे लेवल पर ही बेहतर तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
आयुष्मान कार्ड निर्माण और पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत खाता सुधार की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पात्र हितग्राहियों को जल्द लाभ दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी गांवों में प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना का कार्य समय पर पूरा करने एवं ड्रोन सर्वे में चिह्नित हितग्राहियों की प्रक्रिया जल्द पूर्ण करने को कहा। उन्होंने कहा कि किसी भी अंतर-विभागीय NOC को पेंडिंग न रखा जाए। ई-अटेंडेंस व्यवस्था को नीचे स्तर के कर्मचारियों तक लागू किया जाए।
बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, एडीएम उमाशंकर बंदे, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर सहित जिले के सभी विभाग प्रमुख उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

