कलेक्टर विश्वदीप ने शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा
जाति, निवास, राशन कार्ड जैसी 31 सेवाएं शतप्रतिशत लोगों तक पहुंचे : कलेक्टर
बीजापुर, 27 अगस्त (हि.स.)। जिले क कलेक्टर विश्वदीप ने जिले में संचालित शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुरूवार काे उन्होंने बस्तर मुन्ने कार्यक्रम के तहत शत-प्रतिशत सैचुरेशन तथा पोर्टल में सभी पात्र हितग्राहियों का पंजियन सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शासन द्वारा चिन्हित सभी 31 आवश्यक सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। कलेक्टर ने जन्म, मृत्यु एवं विवाह प्रमाण पत्र, जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र, आधार, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, वनाधिकार पत्र सहित विभिन्न व्यक्तिमूलक एवं सामुदायिक विकास कार्यों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ें।
कलेक्टर ने स्वीकृत आवासों का निर्माण समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को हितग्राहियों से सतत संपर्क रखने, उन्हें आवास निर्माण के लिए प्रेरित करने, आवश्यकतानुसार काउंसलिंग एवं प्रोत्साहन देने को कहा। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण पूर्ण होने के बाद पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से भी लाभान्वित किया जाए। इससे पक्के आवास के साथ परिवारों को ऊर्जा के क्षेत्र में भी लाभ मिल सकेगा।वीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप अधिक से अधिक कार्य स्वीकृत करने पर भी कलेक्टर ने जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना एवं रोजगार से जुड़े आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। विकास कार्यों की गति बढ़ाई जाए।
कलेक्टर ने आश्रम, छात्रावास एवं अन्य सभी प्रकार के आवासीय संस्थानों में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की सतत निगरानी के लिए नामजद जिला अधिकारियों को निर्देशित किया। कलेक्टर ने आवासीय संस्थानों में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण, परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिसर में कहीं भी गंदे पानी का जमाव न हो। मच्छरों के पनपने की स्थिति निर्मित न हो। विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल, साफ परिसर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी माना जाएगा, जब वह पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचे। उसका सकारात्मक प्रभाव धरातल पर दिखाई दे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

