home page

कलेक्टर-एसपी ने नीट परीक्षा का किया निरीक्षण, 175 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे

 | 
कलेक्टर-एसपी ने नीट परीक्षा का किया निरीक्षण, 175 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे


जगदलपुर, 21 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आज रविवार को आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के सफल एवं सुचारू संचालन व्यवस्था का कलेक्टर आकाश छिकारा एवं पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने जायजा लिया।

उन्होंने शहर के प्रमुख परीक्षा केन्द्रों शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज धरमपुरा तथा शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज धरमपुरा का भ्रमण कर वहां परीक्षा कक्षों में बैठक व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के इंतजामों का अवलोकन किया और अधिकारियों से परीक्षा संचालन संबंधी जानकारी ली। नीट परीक्षा के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर आकाश छिकारा ने परीक्षा ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहद गंभीर और सतर्क रहकर परीक्षा का सफल संचालन करओ एवं परीक्षा सम्पन्न होने के उपरांत उत्तर पुस्तिकाओं और अन्य परीक्षा संबंधी गोपनीय सामग्रियों को सतर्कता के साथ सीलबंद कर भेजने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर सीपी बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि रविवार 21 जून को जगदलपुर शहर के चार परीक्षा केन्द्रों शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज, शासकीय जगतू माहरा बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) का सुचारू रूप से आयोजन किया गया। जिले के अंतर्गत इस परीक्षा हेतु कुल 1467 परीक्षार्थी पंजीकृत थे जिसमें 1292 परीक्षार्थी शामिल हुए और 175 अनुपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे