कलेक्टर ने की धान खरीद की समीक्षा, अवैध धान पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
पहले दिन 353 किसानों से 1000 मेट्रिक टन धान खरीद
बलौदाबाजार 16 नवंबर (हि.स.)। बलौदाबाजार भाटापारा जिले के कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सोमवार को अधिकारियों की बैठक लेकर धान खरीद की समीक्षा की। उन्होंने सभी उपार्जन केंद्रों मे नोडल अधिकारियो की लगातार मॉनिटरिंग तथा अवैध धान परिवहन व बिचौलिए पर कड़ी नजर रखते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने कहा कि सभी उपार्जन केन्द्र के लिये नोडल अधिकारी नियुक्त किये गए है। सबंधित नोडल अधिकारी अपने उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण कर खरीद की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि जिला कंट्रोल रूम मे किसानों से प्राप्त सूचना औऱ शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करें। शिकायतों का निराकरण संतोषप्रद हो।
उन्होंने जिला कंट्रोल रुम नंबर 9201899925 को समितियों मे लगे फ्लेक्स पर लिखवाने कहा ताकि किसान उस नंबर पर आसानी से संपर्क कर सकें। उन्होंने कृषक उन्नति योजना अंतर्गत प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर की राशि पूरे 21 क्विंटल की राशि किसानों देय होने की जानकारी किसानों को देने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने विशेष जोर देते हुए कहा कि उपार्जन केंद्र मे किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाय ताकि धान बेचने आने वाले किसान अच्छा अनुभव लेकर जाएं। राज्य शासन द्वारा किसानों की सुविधा के लिये तुंहर टोकन मोबाइल एप्प विकसित किया हैं जिससे किसान घर बैठे टोकन ले सकते हैं,इसका भी व्यापक प्राचार -प्रसार करें।
बताया गया क़ि भाटापारा मण्डी मे इस वर्ष धान की अच्छी आवक हैं। मण्डी मे धान 3077 रुपये प्रति क्विंटल की दर से किसान धान बेच सकते हैं। समर्थन मूल्य मे धान खरीद पहले दिन 15 नवम्बर को जिले के 353 किसानों से 1000 मेट्रिक टन धान खरीद हुई। इस बार जिले मे 170636किसानों ने एग्रीस्टेक मे पंजीयन कराया है। खरीफ विपणन 2026-27 मे समर्थन मूल्य मे धान खरीद के लिये जिले का लक्ष्य 897854 मीट्रिक टन रखा गया है। 16 नवम्बर के लिये 494 टोकन जारी किया गया हैं जिससे 1538 मीट्रिक टन धान खरीद होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

