जांजगीर-चांपा में पीडब्ल्यूडी कार्यों की कलेक्टर ने की समीक्षा, निर्माण में देरी पर अधिकारियों को चेतावनी
जांजगीर-चांपा, 21 मई (हि. स.)। जिले में सड़कों और भवन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं समय-सीमा को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी और धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने साफ कहा कि गुणवत्ता और समय-सीमा से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक में कलेक्टर ने प्रगतिरत, निविदा स्तर और तकनीकी स्वीकृति स्तर के सभी निर्माण कार्यों की बिंदुवार जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री सायकी मंशानुरूप जिले में बेहतर सड़क संपर्क और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में लापरवाही या देरी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने एसडीओ पीडब्ल्यूडी अकलतरा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को सभी निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और फील्ड विजिट सुनिश्चित करने कहा गया।
बैठक में वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 में स्वीकृत सड़कों से जुड़े प्रस्तावों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कार्यपालन अभियंता को निर्देशित किया कि जनसामान्य की मांग और क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर भेजे जाएं, ताकि आगामी बजट में उन्हें शामिल कराया जा सके। भू-अर्जन संबंधी प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित एसडीएम से समन्वय स्थापित कर प्रक्रिया तेजी से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर महोबे ने कहा कि जिले में संचालित सभी प्रमुख निर्माण कार्यों की समीक्षा अब प्रत्येक 15 दिन में बैठक लेकर की जाएगी, ताकि कार्य समय पर पूरे हो सकें।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि ग्राम औराईकला स्थित नाला पर नक्टा पुल निर्माण, पचेड़ा से कनई सड़क, पकरिया से रिवापार तक पक्की सड़क, बछौद पहुंच मार्ग, चंदनिया से ढोरला मार्ग, बलौदा लाइनपारा से ढोरला मार्ग, धाराशिव से रोगदा मार्ग तथा मुड़पार (ब) से मुरली गांव तक सड़क निर्माण कार्य प्रगतिरत हैं। वहीं बेलटूकरी से खैजा नहर पार तक सड़क निर्माण तथा नेवराबंद से बारगांव मार्ग का कार्य शुरू कर दिया गया है।
इसके अलावा निविदा प्रक्रिया के अंतर्गत पीथमपुर ग्रामीण मार्ग मजबूतीकरण, बीटीआई चौक से खोखसा आरओबी रोड, अकलतरा से जर्वे मार्ग, अर्जुनी से करूमहु मार्ग, बनारी पहुंच मार्ग, बोड़सरा-सिवनी मार्ग, जांजगीर बायपास मार्ग, जांजगीर-केरा-शिवरीनारायण मार्ग और अन्य प्रमुख सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि जोगी-मुरली मार्ग पर कंजी नाला पुल निर्माण और बंसुला से कपिस्दा तक मार्ग निर्माण की प्रक्रिया भी जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

