home page

सेवा संकल्प अभियान से लेकर धान खरीद तक, कलेक्टर ने की तैयारियों की समीक्षा

 | 
सेवा संकल्प अभियान से लेकर धान खरीद तक, कलेक्टर ने की तैयारियों की समीक्षा


धमतरी, 05 अक्टूबर (हि.स.)। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवा संकल्प अभियान, आगामी कार्यक्रमों और विभिन्न विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और आपसी समन्वय के साथ निर्वहन करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने के निर्देश दिए।

सात अक्टूबर को आयोजित होने वाली सेवा ज्योति यात्रा की तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने बताया कि कार्यक्रम का वर्चुअल शुभारंभ सुबह 10 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ज्योति प्रज्वलित कर किया जाएगा। इसके बाद उद्बोधन और सेवा ज्योति यात्रा के रूप में रैली निकाली जाएगी। रैली से पहले सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। उन्होंने कार्यक्रम स्थल, यातायात, सुरक्षा, पेयजल, साफ-सफाई और विद्युत व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों और उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया गया।

आगामी धान खरीद की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने बताया कि अधिकांश धान खरीद केंद्रों में चबूतरों की व्यवस्था उपलब्ध है। उन्होंने सभी केंद्रों में शेड, शौचालय, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई और किसानों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की जांच कर कमियों को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए। नए प्रस्तावित धान खरीद केंद्रों में भी खरीदी शुरू होने से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने कहा। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने और मैदानी स्तर पर प्रभावी मानिटरिंग के निर्देश दिए गए।

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजना से जोड़ने, सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने कहा गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल व्यवस्था, जलापूर्ति योजनाओं और लंबित कार्यों की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने पेयजल संबंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण करने और योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, पोषण गतिविधियों, हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ और कुपोषण की स्थिति की जानकारी ली गई। उन्होंने बच्चों, गर्भवती और शिशुवती माताओं को पोषण सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने तथा मैदानी अमले को सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच, शिविरों, जांच एवं उपचार तथा आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की सतत निगरानी और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया।

ग्राम पंचायतों में विकसित की जाएगी लाइब्रेरी

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जयंत नाहटा ने बताया कि वीबीजी-रामजी योजना के तहत जिले की बड़ी ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से लाइब्रेरी विकसित की जाएगी। इसका उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है। कलेक्टर ने चयनित ग्राम पंचायतों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था और अधोसंरचना से जुड़े कार्यों की जानकारी ली गई। उन्होंने ऐसे शासकीय स्कूलों की सूची तैयार कर प्रस्तुत करने कहा, जहां विद्यार्थियों की संख्या और आवश्यकता के अनुरूप अतिरिक्त कक्ष की जरूरत है।

दुर्घटनाओं को रोकने चलाए जाएं जागरूकता अभियान

कलेक्टर ने सड़क सुरक्षा और यातायात जागरूकता को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित विभागों को समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान, यातायात नियमों के पालन तथा आम नागरिकों और विद्यार्थियों के बीच जागरूकता गतिविधियां संचालित करने पर जोर दिया गया। बैठक में वन विभाग से संबंधित लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों की जानकारी वनमंडलाधिकारी जाधव श्रीकृष्णा के समक्ष प्रस्तुत कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वनमंडलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने कहा। बैठक में विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा