home page

कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत ने की विभागीय योजनाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा

 | 
कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत ने की विभागीय योजनाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा


कोरबा, 13 अक्टूबर (हि. स.)। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने मंगलवार को समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, निर्माण कार्यों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को मुख्यमंत्री जनदर्शन, प्रधानमंत्री पोर्टल और कलेक्टर जनदर्शन सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही डिजिटल क्रॉप सर्वे में तेजी लाने और निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर जोर दिया।

बैठक में कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन खसरों में धान की फसल लगी है, उनका सर्वे कराकर पोर्टल में सही जानकारी दर्ज की जाए। उन्होंने पॉलीगॉन जियो-टैगिंग और सर्वे कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना के तहत कृषि, पशुपालन और उद्यानिकी विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

कलेक्टर ने जिले में केंद्रीकृत किचन व्यवस्था लागू करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को सात दिनों के भीतर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। स्कूलों में मध्यान्ह भोजन संचालन के लिए किचन स्थापना और महिला स्व-सहायता समूहों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।

उन्होंने सांसद एवं विधायक निधि तथा डीएमएफ मद से स्वीकृत निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को उपयोगिता प्रमाण-पत्र और कार्यों की वर्तमान स्थिति की तस्वीरें प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत कार्यों का भौतिक सत्यापन करने और अधूरे कार्यों को जल्द पूरा कराने के लिए ठेकेदारों की बैठक आयोजित करने को कहा।

स्वामित्व योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को पट्टा वितरण सुनिश्चित करने और दुर्घटना पीड़ितों के मुआवजा प्रकरणों में ऑनलाइन कार्रवाई तेज करने के निर्देश भी दिए गए। वहीं, कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ दिलाने तथा विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर आयुष्मान कार्ड बनाने को कहा गया।

निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्कूल, आंगनबाड़ी, पीडीएस भवन, शौचालय और सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित समय में कार्य पूरा करने को कहा।

बैठक में शहर में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा शुरू करने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कोरबा अर्बन सोसाइटी की बैठक में ई-बस संचालन के लिए रूट चार्ट और अन्य आवश्यक तैयारियों का अनुमोदन किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे, डीएफओ प्रेमलता यादव, जितेंद्र उपाध्याय, अपर कलेक्टर देवेंद्र कुमार पटेल, ओएसडी तरुण कुमार किरण, सहायक कलेक्टर इशांत, एसडीएम विपिन दुबे और अपर कलेक्टर ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी