home page

कलेक्टर ने परियोजना अधिकारी पामगढ़ के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की

 | 

जांजगीर-चांपा 25 मई (हि. स.)। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग अनिता अग्रवाल ने बताया कि जनदर्शन के माध्मम से ग्राम पंचायत मेकरी आंगनबाड़ी केन्द्र 03 में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पदोन्नति के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई है। कलेक्टर ने आज साेमवार काे अनुशासनात्मक कार्रवाई किये जाने हेतु संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग को अनुशंसा की है।

कमला दिवाकर जिसकी शैक्षणिक योग्यता 12वीं उत्तीर्ण है जन्मतिथि अनुसार 44 वर्ष से अधिक होने के कारण अपात्र किया गया है एवं मंजू कुमारी यादव की शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण है, नियम क्रमांक 2.1.6. अनुसार मान्य की जाकर मंजू कुमारी की नियुक्ति केंद्र क्रमांक 03 मेकरी में आंगनबाडी कार्यकर्त्ता के रिक्त पद पर परियोजना अधिकारी एकीकृत बाल विकास परियोजना पामगढ़ द्वारा आदेश क्रमांक 1069 23 जनवरी 2026 के द्वारा मंजू कुमारी को आगनबाड़ी केंद्र मेकरी तीन हेतु कार्यकर्त्ता के पद हेतु आदेश जारी की गई है।

जबकि नियुक्ति निर्देश छत्तीसगढ़ शासन महिला एवं बाल विकास मंत्रालय रायपुर के आदेश में कंडिका क्रमांक 2.1.4 में स्पष्ट निर्देश जारी किया गया है की 5 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाली एवं सभी अर्हता रखने वाली पात्र सहायिका उपलब्ध हो तो उनमे से अधिक अनुभव रखने वाली पात्र सहायिका की नियुक्ति की जाएगी।

जिसके संबंध में संदर्भित पत्र क्रमांक 2 के माध्यम से रवि कुमार शर्मा, परियोजना अधिकारी एकीकृत बाल विकास परियोजना, पामगढ़ जिला जांजगीर-चांपा, (छ.ग.) को कारण बताओ सूचना जारी कर निधारित समयावधि में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने हेतु लेख किया गया था, किन्तु उनके द्वारा निर्धारित समयावधि में जवाब प्रस्तुत नहीं करने के कारण पुनः संदर्भित पत्र क्रमांक 3 के माध्यम से कारण बताओ सूचना जारी कर निधारित समयावधि में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने हेतु लेख किया गया है।

परियोजना अधिकारी पामगढ़ के द्वारा निधारित समयावधि में स्पष्टीकरण का जवाब आज दिनांक तक प्रस्तुत नहीं किया गया गया है, उक्त कृत्य शासकीय आदेशों एवं वरिष्ठ अधिकरियों के निर्देशों की अवहेलना तथा शासकीय कार्य के प्रति लापरवाही, उदासीनता को प्रदर्शित करता है।

उक्त प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने रवि कुमार शर्मा, परियोजना अधिकारी पामगढ़ के विरूद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई किये जाने हेतु संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग को अनुशंसा की है।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT