home page

जांजगीर-चांपा: कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं

 | 
जांजगीर-चांपा: कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं


जांजगीर-चांपा, 21 अप्रैल (हि. स.)। जिले में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में आज मंगलवार को कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आम नागरिकों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना। जनदर्शन में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जहां कुल 105 आवेदन प्राप्त हुए।

जनदर्शन कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार की जनसमस्याएं सामने आईं। तहसील जांजगीर के ग्राम मुनुन्द की निवासी प्रेम बाई राठौर ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। वहीं अकलतरा विकासखंड के ग्राम मौहाडीह की प्रमिला कौशिक ने इलाज के लिए स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया।

इसी तरह पामगढ़ तहसील के ग्राम खोरसी निवासी धन गायग्वाल ने नक्शा दुरुस्ती, नवागढ़ तहसील के ग्राम कुरयारी निवासी सुनील कुमार ने राशन कार्ड बनवाने, तथा अकलतरा तहसील के ग्राम खोड़ निवासी जमुना प्रसाद पांडेय ने राजस्व रिकॉर्ड दुरुस्ती के लिए आवेदन दिया। इसके अलावा नामांतरण, सीमांकन और अन्य राजस्व संबंधी मामलों से जुड़े कई आवेदन भी प्राप्त हुए।

कलेक्टर महोबे ने सभी आवेदकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का शीघ्र और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए तय समयसीमा में कार्रवाई पूरी करें।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT