home page

निर्माणाधीन सड़क और पुल की गुणवत्ता जांचने पहुंचे कलेक्टर, मौके पर कराई चौड़ाई और मोटाई की माप

 | 
निर्माणाधीन सड़क और पुल की गुणवत्ता जांचने पहुंचे कलेक्टर, मौके पर कराई चौड़ाई और मोटाई की माप


निर्माणाधीन सड़क और पुल की गुणवत्ता जांचने पहुंचे कलेक्टर, मौके पर कराई चौड़ाई और मोटाई की माप


जांजगीर-चांपा, 24 अक्टूबर (हि. स.)। जांजगीर-चांपा जिले में निर्माणाधीन सड़कों और पुलों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। शनिवार को कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर उनकी प्रगति और गुणवत्ता की जांच की। इस दौरान उन्होंने मौके पर ही सड़क की चौड़ाई और मोटाई की माप कराई तथा अधिकारियों को निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने गोधना से कुकदा तक और मेन रोड राहौद से बालक छात्रावास तक निर्माणाधीन सीसी रोड का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क निर्माण में उपयोग किए जा रहे तकनीकी मापदंडों की जानकारी ली और स्पष्ट किया कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्य में लापरवाही नहीं बरतने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सड़क किनारे जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा नहीं होना चाहिए, इसके लिए ड्रेनेज व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

इसके बाद कलेक्टर महोबे ने कुकदा-रिंगनी के बीच निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुल निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि सड़क और पुल निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी की जाए, ताकि आम नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित और टिकाऊ आवागमन सुविधा उपलब्ध हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT