जांजगीर-चांपा में धान खरीद के पहले दिन कलेक्टर ने किया उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण, सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश
खोखरा और कुटरा धान खरीद केंद्रों में व्यवस्थाओं का लिया जायजा, जल निकासी, पेयजल, छाया और सीसीटीवी की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
जांजगीर-चांपा, 15 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीद की शुरुआत के साथ ही जांजगीर-चांपा जिले में प्रशासन ने खरीद व्यवस्था की निगरानी तेज कर दी है। धान खरीद के पहले दिन रविवार को कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने खोखरा और कुटरा धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों की सुविधा, धान के सुरक्षित भंडारण और खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने समिति प्रबंधकों से एग्रीस्टैक पंजीयन, धान विक्रय के लिए पंजीकृत किसानों की संख्या और टोकन वितरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने उपार्जन केंद्रों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था रखने के साथ धान की व्यवस्थित स्टैकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने केंद्रों में किसानों के लिए पेयजल, छाया और शेड सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। साथ ही धान का सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने और खरीदी केंद्रों में निगरानी बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों को सुचारू रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों और समिति प्रबंधकों से कहा कि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाए।
इस अवसर पर उप पंजीयक सहकारिता मंजू पांडेय, जिला खाद्य अधिकारी संदीप पांडेय, जिला विपणन अधिकारी मनोज यादव सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

