home page

जनदर्शन में कोरबा कलेक्टर ने सुनीं आमजन की समस्याएं, 130 आवेदनों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

 | 
जनदर्शन में कोरबा कलेक्टर ने सुनीं आमजन की समस्याएं, 130 आवेदनों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश


कोरबा, 16 मार्च (हि. स.)। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सोमवार को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें और मांगें लेकर पहुंचे।

जनदर्शन में बिजली बिल सुधार, पेयजल आपूर्ति, सीमांकन, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, आरबीसी 6-4 के तहत राहत राशि, मुआवजा वितरण, नक्शा दुरुस्ती, प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि भुगतान सहित विभिन्न मामलों से संबंधित कुल 130 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को समय पर राहत मिल सके।

जनदर्शन में कई ग्राम पंचायतों से पहुंचे ग्रामीणों ने बिजली बिल में त्रुटियों को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। इस पर कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को राज्य शासन की नई गाइडलाइन के अनुसार बिजली बिल सुधार के लिए व्यापक स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। इन शिविरों में ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त कर उनकी जांच की जाएगी और पात्र हितग्राहियों को त्वरित राहत प्रदान की जाएगी। साथ ही शिविरों की कार्ययोजना तैयार कर शेड्यूल निर्धारित करने और आमजन तक जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए।

इसके अलावा पेयजल समस्या को लेकर पहुंचे ग्रामीणों के आवेदनों पर भी कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को गंभीरता से कार्रवाई करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में नियमित और सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी तरुण कुमार किरण, जिला पंचायत के सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी