साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में कलेक्टर सख्त, पीएम आवास शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश
जांजगीर चांपा, 25 मई (हि. स.)। जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि योजना में किसी भी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सीएमओ एवं जनपद पंचायत सीईओ को निर्देश दिए कि शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंचकर हितग्राहियों से चर्चा करें और समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें।
सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर समय-सीमा में शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से शिविरों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ देने कहा।
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा के दौरान बैंकर्स द्वारा ऋण स्वीकृति में धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और संबंधित बैंकर्स को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों में कार्यशालाएं आयोजित कर ग्रामीणों को कचरा पृथक्करण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
आगामी पूरक परीक्षा को लेकर कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को विद्यार्थियों की बेहतर तैयारी सुनिश्चित करने, विषयवार मार्गदर्शन देने और आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने कहा।
गर्मी के मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने पेयजल व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल संकट की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करें। वहीं बिजली आपूर्ति बाधित होने, ट्रांसफार्मर खराब होने जैसी समस्याओं के त्वरित निराकरण के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, ई-ऑफिस, आयुष्मान कार्ड, वय वंदना कार्ड, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री सड़क योजना एवं खरीफ फसल की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आर के तम्बोली, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

