home page

खरीफ सीजन से पहले कलेक्टर सख्त, खाद-बीज वितरण व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

 | 
खरीफ सीजन से पहले कलेक्टर सख्त, खाद-बीज वितरण व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश


जांजगीर-चांपा, 25 मई (हि. स.)। आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज साेमवार काे खाद एवं बीज वितरण व्यवस्था की समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कृषि एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

कलेक्टर ने कहा कि सभी सेवा सहकारी समितियों में शासन के निर्देशानुसार पर्याप्त मात्रा में पोटाश, यूरिया, एनपीके एवं डीएपी खाद का भंडारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि जरूरत के समय किसानों को आसानी से खाद उपलब्ध हो सके। उन्होंने खाद वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए फर्टीलाइजर पॉश मशीन के माध्यम से वितरण कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अधिकारियों को नियमित रूप से समितियों और निजी खाद-बीज विक्रय संस्थानों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि भंडारण, दर सूची एवं वितरण व्यवस्था की सतत निगरानी की जाए और किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सही तरीके से खाद एवं बीज उपलब्ध कराया जाए।

कलेक्टर ने खाद एवं बीज के भंडारण और उठाव की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के शत-प्रतिशत किसानों का एग्रीस्टैक पंजीयन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि एग्रीस्टैक पंजीयन से किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सरल तरीके से मिल सकेगा।

बैठक में उप संचालक राकेश शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT