home page

जनदर्शन में बस्तर कलेक्टर ने नागरिकों की सुनी समस्याएं, निराकरण के दिए निर्देश

 | 
जनदर्शन में बस्तर कलेक्टर ने नागरिकों की सुनी समस्याएं, निराकरण के दिए निर्देश


जगदलपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। बस्तर जिला प्रशासन को आम जनता के प्रति अधिक संवेदनशील और जवाबदेह बनाने की पहल के तहत कलेक्टोरेट स्थित प्रेरणा कक्ष में साप्ताहिक कलेक्टर जनदर्शन का आयोजन किया गया।

इस जनदर्शन में कलेक्टर आकाश छिकारा ने जिले के दूरदराज के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया। यहां पहुंचे प्रत्येक नागरिक की शिकायतों और मांगों को कलेक्टर ने गंभीरता से सुना और उनसे संबंधित दस्तावेजों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। इस दौरान जनदर्शन में विभिन्न जनसमस्याओं और मांगों से जुड़े कुल 22 आवेदन प्राप्त हुए।

प्राप्त सभी 22 आवेदनों पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर श्री छिकारा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्रस्तुत प्रत्येक प्रकरण को प्राथमिकता पर रखा जाए। उन्होंने नागरिकों के आवेदन का समय-सीमा तय कर उनका गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और संतोषजनक समाधान धरातल पर सुनिश्चित करने कहा। किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

प्रशासन की इस पहल का मुख्य ध्येय नागरिकों और अधिकारियों के मध्य की दूरी को समाप्त करना और जनता तक सीधी पहुंच सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में जिला प्रशासन द्वारा यह व्यवस्था नियमित रूप से लागू की गई है, जिसके तहत प्रत्येक मंगलवार को दोपहर ठीक 1 बजे से प्रेरणा कक्ष में स्वयं कलेक्टर उपस्थित रहकर आमजन की समस्याएं सुनेंगे। प्रशासन ने जिले वासियों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं और मांगों के त्वरित निराकरण के लिए निर्धारित समय पर उपस्थित होकर इस व्यवस्था का लाभ उठा सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे