home page

दीपावली पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने खरीदे मिट्टी के दीये, स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहन देने की अपील

 | 
दीपावली पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने खरीदे मिट्टी के दीये, स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहन देने की अपील


जांजगीर-चांपा, 06 नवंबर (हि. स.)। दीपावली पर्व के अवसर पर स्थानीय कुम्हारों एवं ग्रामीण शिल्पकारों को प्रोत्साहित करने के लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं श्रीमती शीतल महोबे ने आज शुक्रवार को स्थानीय कारीगरों से मिट्टी के दीये खरीदे। इस दौरान उन्होंने कारीगरों द्वारा तैयार किए गए मिट्टी के दीयों की सराहना करते हुए जिलेवासियों से दीपावली पर मिट्टी के दीयों का उपयोग करने और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने स्थानीय कुम्हारों एवं ग्रामीण शिल्पकारों को उनके उत्पादों के विक्रय में सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिले के सभी नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि दीपावली के दौरान बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कुम्हारों को मिट्टी के दीये बेचने के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें अपने उत्पादों के विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मिट्टी के दीये बेचने आने वाले कुम्हारों एवं ग्रामीण शिल्पकारों से किसी प्रकार का कर या शुल्क नहीं लिया जाए। इसके साथ ही दीपावली के दौरान आयोजित होने वाले हाट-बाजारों एवं स्थानीय आयोजनों में उन्हें प्राथमिकता के आधार पर स्थान उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि दीपावली पर स्थानीय कुम्हारों से मिट्टी के दीये एवं अन्य स्वदेशी उत्पाद खरीदें। इससे स्थानीय कारीगरों को आर्थिक संबल मिलेगा और पारंपरिक हस्तशिल्प एवं स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार /लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT