home page

कलेक्टर ने किया रक्तदान

 | 
कलेक्टर ने किया रक्तदान


रक्तदान महाअभियान में स्वयं रक्त देकर जिलेवासियों को दिया सेवा का संदेश

बलरामपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत आज गुरुवार को जिला चिकित्सालय बलरामपुर में रक्तदान महाअभियान आयोजित किया गया। रेडक्रॉस सोसायटी और दीनहीन सेवा समिति के सहयोग से आयोजित शिविर में प्रातः 10 बजे कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने स्वयं रक्तदान किया।

उन्होंने रक्तदान कर लोगों को इस सामाजिक कार्य के लिए आगे आने का संदेश दिया। शिविर में जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, रक्तदाता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

रक्तदान के बाद कलेक्टर ने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है। दुर्घटना, प्रसव, गंभीर बीमारी और शल्य चिकित्सा जैसी आपात स्थितियों में समय पर रक्त उपलब्ध होना किसी व्यक्ति की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने युवाओं, शासकीय सेवकों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।

शिविर में रक्तदान से पहले सभी इच्छुक रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच में उपयुक्त पाए गए लोगों से प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की निगरानी में सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया।

रक्तदान महाअभियान में जिलेवासियों ने भागीदारी निभाते हुए जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस पहल के माध्यम से स्वैच्छिक रक्तदान और मानवता की सेवा के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय