home page

बलरामपुर : साइकिल वितरण से पहले गुणवत्ता जांच नहीं कराने पर डीईओ, बीईओ और प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस

 | 

बलरामपुर, 11 अगस्त (हि.स.)।सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा 9वीं में प्रवेशित छात्राओं को वितरित की जा रही साइकिलों की गुणवत्ता को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। विकासखंड बलरामपुर के सेजेस जरहाडीह में साइकिल वितरण के दौरान गुणवत्ता संबंधी मामला सामने आने के बाद कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की है।

मामले में जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी बलरामपुर और संबंधित प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। अधिकारियों पर साइकिलों के वितरण से पूर्व उनकी गुणवत्ता की समुचित जांच नहीं कराने को लेकर जवाब मांगा गया है।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में सरस्वती साइकिल योजना के तहत वितरित की जा रही सभी साइकिलों की गुणवत्ता स्वयं सुनिश्चित कराएं। उन्होंने अधिकारियों को दो दिवस के भीतर उपस्थित होकर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं करने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने साइकिल वितरण में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ छात्राओं को बेहतर एवं उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय