बस्तर में नियमित टीकाकरण पर कोल्ड चेन हैंडलर का हुआ प्रशिक्षण
जगदलपुर, 26 नवंबर (हि.स.) । बस्तर संभाग में नियमित टीकाकरण व्यवस्था को अधिक प्रभावी, व्यवस्थित, सुरक्षित और सुचारू बनाने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय संभाग स्तरीय कोल्ड चेन हैंडलर प्रशिक्षण कार्यक्रम का गुरुवार को समापन हो गया। यह प्रशिक्षण 25 और 26 नवंबर 2026 को महारानी अस्पताल, जगदलपुर स्थित शहीद गुंडाधुर ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बस्तर संभाग के बस्तर, कोण्डागांव, नारायणपुर, कांकेर, बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जिलों के कोल्ड चेन हैंडलरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन रायपुर के प्रोग्राम एसोसिएट एवं मास्टर ट्रेनर श्री मोहम्मद सरफराज आलम ने प्रतिभागियों को वैक्सीन के उचित रखरखाव, निर्धारित तापमान पर सुरक्षित भंडारण और वितरण की सही प्रक्रिया के साथ वैक्सीन वायल मॉनिटर की महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारियां विस्तारपूर्वक प्रदान कीं। इसके साथ ही समय पर वैक्सीन की मांग तैयार करने, आवश्यकता का आकलन व गणना करने, ई-विन पोर्टल तथा लॉगर सिस्टम के सही उपयोग, आईएलआर और डीप फ्रीजर के संचालन व रखरखाव, वैक्सीन स्टॉक, बफर स्टॉक एवं अन्य उपलब्ध स्टॉक के उचित प्रबंधन, तथा वैक्सीन वेस्टेज प्रतिशत की गणना और वेस्टेज को न्यूनतम करने के उपायों पर भी व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से मार्गदर्शन दिया गया।
प्रशिक्षण में यह रेखांकित किया गया कि नियमित टीकाकरण बच्चों को अनेक जानलेवा बीमारियों से सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और वर्तमान में शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में बच्चों को ओपीवी, हेपेटाइटिस-बी, आईपीवी, पेंटावेलेंट, पीसीवी, मीजल्स-रूबेला, जापानी इंसेफेलाइटिस, डीपीटी एवं डीटी जैसे महत्वपूर्ण टीके निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त संचालक डॉ. महेश सांडिया की अध्यक्षता सहित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक तथा जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी. मैत्री की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कोल्ड चेन व्यवस्था को मजबूत करना, वैक्सीन की गुणवत्ता बनाए रखना, समय पर टीकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा वैक्सीन की बर्बादी को कम करना रहा, जिससे सभी जिलों के कोल्ड चेन हैंडलरों की तकनीकी दक्षता व कार्यक्षमता बढ़ने के साथ संभाग में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

