home page

कोरबा: कोल इंडिया चेयरमैन बी. साईराम ने किया एसईसीएल की कुसमुंडा खदान का निरीक्षण

 | 
कोरबा: कोल इंडिया चेयरमैन बी. साईराम ने किया एसईसीएल की कुसमुंडा खदान का निरीक्षण


कोरबा: कोल इंडिया चेयरमैन बी. साईराम ने किया एसईसीएल की कुसमुंडा खदान का निरीक्षण


कोरबा, 11 अक्टूबर (हि. स.)। कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन बी. साईराम ने रविवार को साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की कुसमुंडा मेगा परियोजना का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खदान के विभिन्न माइनिंग पैचों का दौरा कर कोयला उत्पादन, ओवरबर्डन रिमूवल (ओबीआर) और अन्य परिचालन गतिविधियों की समीक्षा की।

उन्होंने संशोधित उत्पादन लक्ष्य को निर्धारित समय में हासिल करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक कार्ययोजना पर ध्यान केंद्रित करने को कहा। साथ ही उत्पादन में आ रही बाधाओं और परिचालन संबंधी चुनौतियों के समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की।

निरीक्षण की शुरुआत में कोल इंडिया चेयरमैन बी. साईराम ने कुसमुंडा खदान के व्यू पॉइंट से खनन गतिविधियों का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने विभागीय माइनिंग पैच का निरीक्षण कर वहां संचालित खनन कार्यों, मशीनों के संचालन और कोयला उत्पादन की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से उत्पादन की वर्तमान स्थिति और निर्धारित लक्ष्यों के संबंध में चर्चा की।

इसके पश्चात चेयरमैन ने केएनआर के नए कॉन्ट्रैक्ट पैच का दौरा किया और वहां चल रहे खनन कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने नीलकंठ फेस का भी निरीक्षण किया, जहां कोल फेस की स्थिति, एक्सपोजर और खनन गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उत्पादन बढ़ाने के लिए आवश्यक संसाधनों, कार्यों में समन्वय और परिचालन संबंधी चुनौतियों पर चर्चा की गई।

निरीक्षण के दौरान बी. साईराम ने कुसमुंडा परियोजना के संशोधित कोयला उत्पादन लक्ष्य की प्राप्ति पर विशेष जोर दिया। उन्होंने उत्पादन की गति बढ़ाने में आ रही बाधाओं और उनके समाधान के लिए उठाए जाने वाले आवश्यक कदमों की समीक्षा की। साथ ही खनन गतिविधियों को बेहतर बनाने और उत्पादन लक्ष्य हासिल करने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं संविदा एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श किया।

इस अवसर पर चेयरमैन ने खदान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया। उन्होंने कर्मियों से सीधे संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।

फील्ड निरीक्षण के बाद चेयरमैन बी. साईराम ने कुसमुंडा क्षेत्र के अधिकारियों, संविदा एजेंसियों के प्रतिनिधियों और संबंधित हितधारकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कोयला उत्पादन लक्ष्य की प्राप्ति, खनन कार्यों में बेहतर समन्वय और परिचालन संबंधी विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में एसईसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (सीएमडी) हरीश दुहन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। इस दौरान निदेशक तकनीकी (संचालन) रमेश चन्द्र महापात्र, निदेशक तकनीकी (योजना एवं परियोजना) नृपेन्द्र नाथ सहित कुसमुंडा क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कोल इंडिया चेयरमैन के इस दौरे को कुसमुंडा परियोजना में कोयला उत्पादन की प्रगति और संशोधित लक्ष्यों की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उत्पादन बढ़ाने, परिचालन संबंधी चुनौतियों को दूर करने और खनन कार्यों में समन्वय को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गई।

हिन्दुस्थान समाचार /हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी