बलरामपुर : मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से किसान को मिली नई जिंदगी, 15 लाख की मदद से कैंसर का सफल इलाज
बलरामपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। गंभीर बीमारी से जूझ रहे ग्राम पंचायत पस्ता निवासी 62 वर्षीय किसान राजेंद्र प्रसाद को आज मंगलवार मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत 15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलने से कैंसर का सफल इलाज मिल सका। आर्थिक तंगी के कारण महंगा इलाज संभव नहीं था, लेकिन योजना से मिली मदद ने उन्हें नया जीवन दिया।
राजेंद्र प्रसाद को कुछ समय पहले मल्टीपल मायलोमा (ब्लड कैंसर) होने का पता चला था। शुरुआत में उन्होंने नजदीकी अस्पतालों में इलाज कराया, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद वे रायपुर स्थित बालको मेडिकल सेंटर पहुंचे, जहां जांच में कैंसर की पुष्टि हुई। महंगे इलाज का खर्च उनके परिवार के लिए बड़ी चुनौती बन गया।
इसी दौरान जिला अस्पताल में उन्हें मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना की जानकारी मिली। आवेदन करने के बाद उनके इलाज के लिए 15 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत हुई। इसके बाद बालको मेडिकल सेंटर, रायपुर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उनका सफल उपचार किया गया। इलाज का पूरा खर्च योजना के तहत वहन किया गया।
इलाज के बाद राजेंद्र प्रसाद अब स्वस्थ होकर अपने परिवार के साथ सामान्य जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना का सहयोग नहीं मिलता, तो उनके लिए इतना महंगा इलाज कराना संभव नहीं था। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस योजना ने उन्हें नई जिंदगी दी है।
जिला प्रशासन के अनुसार, मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत गंभीर और दुर्लभ बीमारियों के उपचार के लिए पात्र हितग्राहियों को अधिकतम 25 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाती है। जिले में अब तक 104 लोग इस योजना का लाभ उठा चुके हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

