home page

मुख्यमंत्री साय ने मेदांता अस्पताल दिल्ली में किरणसिंह देव का जाना हाल, चिकित्सकाें से प्रगति की ली जानकारी

 | 
मुख्यमंत्री साय ने मेदांता अस्पताल दिल्ली में किरणसिंह देव का जाना हाल, चिकित्सकाें से प्रगति की ली जानकारी


रायपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को दिल्ली के गुड़गांव स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव यूपी में हुए सड़क हादसे में घायल हुए थे, जिसके बाद झांसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बेहतर उपचार के लिए आज ही उन्हें झांसी से दिल्ली रेफर किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों से किरण सिंह देव के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान उन्होंने परिजनों और अस्पताल प्रबंधन से भी चर्चा कर इलाज की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की।

गाैरतलब हाे कि छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण देव बुधवार को उत्तरप्रदेश में सड़क हादसे के शिकार हुए थे। हादसा झांसी-ललितपुर हाईवे पर उस समय हुआ था, जब वह परिवार के साथ बागेश्वर धाम से दर्शन कर लौट रहे थे। वापसी के दौरान झांसी-ललितपुर मार्ग पर सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने की कोशिश में उनके चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। इससे कार का संतुलन बिगड़ गया और कार ट्रक में घुस गई।

हादसे के वक्त किरण देव के साथ उनकी सुरक्षा में तैनात पीएसओ भी वाहन में मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरी कार में सफर कर रहे थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से किरण सिंह देव को तुरंत झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। इस हादसे में किरण सिंह देव का चालक भी घायल हुआ था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल