home page

हारने पर ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल उठाना कांग्रेस की आदत : मुख्यमंत्री साय

 | 
हारने पर ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल उठाना कांग्रेस की आदत : मुख्यमंत्री साय


प्रदेश के 38 स्थानों पर बनेंगे ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’

रायपुर, 7 अक्टूबर (हि. स.)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज बुधवार को पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए चुनाव प्रक्रिया और ईवीएम को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस जनता का विश्वास खो चुकी है। अपनी राजनीतिक विफलताओं को स्वीकार करने के बजाय कांग्रेस कभी ईवीएम तो कभी चुनाव आयोग पर आरोप लगाती है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कांग्रेस जब इसी ईवीएम से चुनाव जीतकर अपने सांसद और ,विधायक बनाती है, तब उसे ईवीएम में कोई समस्या दिखाई नहीं देती। लेकिन जब चुनाव हारती है तो उसी ईवीएम पर अपनी हार का ठीकरा फोड़ने लगती है। जनता अब कांग्रेस के इस दोहरे रवैये को समझ चुकी है और उनकी बातों में कोई दम नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि है। राजनीतिक दलों को जनादेश का सम्मान करना चाहिए, न कि अपनी हार के लिए संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े करने चाहिए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

राजधानी रायपुर में भी ‘सेवा ज्योति संकल्प यात्रा’ का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर प्रदेश के 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ का निर्माण किया जाएगा। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने हालिया सिंगापुर प्रवास की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर प्रवास के दौरान वे ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ फोरम-2026’ में शामिल हुए। यहां सिंगापुर के उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों के समक्ष छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं को प्रस्तुत किया गया और उन्हें विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रदेश में निवेश का आमंत्रण दिया गया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस यात्रा के दौरान प्रदेश को बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें सबसे बड़ा प्रस्तावएनर्जी कैपिटल ग्लोबल का है। कंपनी छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का एआई रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने के लिए 41,750 करोड़ का निवेश करेगी।

उन्होंने कहा कि इस तरह के निवेश छत्तीसगढ़ को देश की डिजिटल अर्थव्यवस्था और भविष्य की तकनीक के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इससे प्रदेश के युवाओं के लिए नई तकनीक और आधुनिक उद्योगों में रोजगार एवं करियर के अवसर भी बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य की नई औद्योगिक विकास नीति के बाद मात्र डेढ़ वर्ष में छत्तीसगढ़ को 8.23 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं और विभिन्न क्षेत्रों में एमओयू हुए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर