कांकेर में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के मन की बात सुनी, हर घर मुनगा अभियान के लिए आभार व्यक्त किया
कांकेर, 27 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कांकेर प्रवास पर हैं, अंतागढ़ में आज रविवार काे एकलव्य विद्यालय परिसर में भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर बने सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को सुना। इस दौरान कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग, अंतागढ़ विधायक विक्रम देव उसेंडी सहित भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार छत्तीसगढ़ से जुड़े विषयों का ‘मन की बात’ में उल्लेख करते हैं. इनमें बस्तर ओलंपिक, जल संचयन और हर घर मुनगा जैसे अभियान शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने इन विषयों का उल्लेख करने के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया। सीएम साय ने कहा कि पोषण महीने के दौरान घर-घर मुनगा लगाने की मुहिम अब राष्ट्रीय स्तर पर प्रसारित हो रही है, इसके बारे में प्रधानमंत्री ने मन की बात में जिक्र किया है, यह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। इस अभियान का उद्देश्य पौधरोपण के साथ पोषण के प्रति जागरुकता फैलाना है।
इस दाैरान पत्रकारों ने कच्चे से अंतागढ़ के बीच रेलवे लाइन निर्माण से प्रभावित किसानों के मुआवजे और नौकरी का मुद्दा मुख्यमंत्री साय के सामने उठाया. पत्रकारों ने बताया कि करीब 250 प्रभावित किसानों को अब तक मुआवजा या नौकरी नहीं मिल पाई है। इस पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मामला संज्ञान में आने पर नियमों के अनुसार प्रभावित किसानों को मुआवजा और आवश्यक सहायता दिलाने में मदद की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

