home page

नर्सिंग केवल रोजगार का माध्यम नहीं, मानवता की सेवा और पुण्य का कार्य : मुख्यमंत्री साय

 | 
नर्सिंग केवल रोजगार का माध्यम नहीं, मानवता की सेवा और पुण्य का कार्य : मुख्यमंत्री साय


नर्सिंग केवल रोजगार का माध्यम नहीं, मानवता की सेवा और पुण्य का कार्य : मुख्यमंत्री साय


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर के आरा में नर्सिंग कौशल कॉलेज का किया शुभारंभ

रायपुर 15 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले की ग्राम पंचायत आरा में नर्सिंग कौशल कॉलेज का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आरा में स्थापित यह संस्थान विशेष रूप से जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों की बेटियों के लिए आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य की नई राह खोलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्सिंग केवल नौकरी या रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि मानवता की सेवा और पुण्य का कार्य है। मरीजों की देखभाल, उनके उपचार और जीवन की रक्षा में डॉक्टरों के साथ नर्सिंग कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राओं से पूरी लगन, अनुशासन, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया।

छत्तीसगढ़ शासन और पैन आईआईटी एलुमनी रीच फॉर इंडिया फाउंडेशन के संयुक्त उद्यम प्रचेत फाउंडेशन के माध्यम से स्थापित इस संस्थान में दो वर्षीय एएनएम नर्सिंग पाठ्यक्रम संचालित किया जा रहा है। कॉलेज की सभी 120 सीटों पर छात्राओं का प्रवेश पूर्ण हो चुका है। विशेष बात यह है कि यहां अध्ययनरत लगभग 90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों से हैं। आधुनिक प्रयोगशालाओं, छात्रावास और अन्य आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित इस संस्थान में छात्राओं को सैद्धांतिक शिक्षा के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद छात्राओं को प्रतिष्ठित अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज का दिन दो महत्वपूर्ण पर्वों के कारण विशेष और पावन है। आज धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को राष्ट्रीय सम्मान दिलाने के उद्देश्य से उनकी जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की पहल की है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्चुअल माध्यम से देशवासियों को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए छठ महापर्व की भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि सूर्यदेव और छठी मैया की उपासना का यह महान पर्व आस्था, श्रद्धा, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। ऐसे पावन अवसर पर नर्सिंग कौशल कॉलेज का शुभारंभ होना अत्यंत सुखद और सौभाग्य का विषय है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस महत्वपूर्ण संस्थान की स्थापना और संचालन में योगदान देने वाले पैन आईआईटी एलुमनी के चेयरमैन एवं सभी पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रथम बैच की सभी 120 छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह संस्थान उनके सपनों को साकार करने और जीवन में आगे बढ़ने का सशक्त माध्यम बनेगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वास्थ्य ही मनुष्य की सबसे बड़ी संपत्ति है। स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और समृद्ध प्रदेश का आधार होते हैं। छत्तीसगढ़ को विकसित और समृद्ध राज्य बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना आवश्यक है। राज्य सरकार इसी संकल्प के साथ स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था। पिछले 25 वर्षों में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है और मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 15 से अधिक हो गई है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ को वर्ष 2047 तक विकसित राज्य बनाने के लिए सरकार ने विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, अधोसंरचना और रोजगार सहित सभी क्षेत्रों में मिशन मोड में कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार मोदी की गारंटी के अंतर्गत किए गए सभी वादों को पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के सभी वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1600 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण किया जा रहा है। इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों का पक्के आवास का सपना साकार हो रहा है। किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए धान खरीदी केंद्र प्रारंभ किए गए हैं। अब प्रदेश में लगभग 3100 धान खरीदी केंद्रों के माध्यम से किसानों से धान का उपार्जन किया जा रहा है।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष जशपुर गंगाराम भगत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, संस्था के पदाधिकारी, प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल