मुख्यमंत्री हेल्पलाइन बनी आमजन के लिए राहत का भरोसेमंद माध्यम, 601 से अधिक आवेदनों का हुआ निराकरण
-601 से अधिक आवेदनों का हुआ निराकरण
कोरबा, 23 जून (हि. स.)। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन कोरबा जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरी है। जिला प्रशासन द्वारा हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों और मांगों की नियमित निगरानी एवं समीक्षा की जा रही है, जिसके परिणामस्वरूप सैकड़ों लोगों को समय पर राहत मिल रही है। प्रशासन की सक्रियता के चलते अब तक 601 से अधिक आवेदनों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है।
जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 जून 2026 की सुबह तक जिले में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय प्रशासन, विद्युत, पेयजल, खाद्य, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों से संबंधित 1796 से अधिक आवेदन मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज किए गए हैं। इनमें से 601 से अधिक मामलों का समाधान कर हितग्राहियों को राहत पहुंचाई गई है, जबकि 523 से अधिक आवेदन वर्तमान में प्रक्रियाधीन हैं। शेष लंबित मामलों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों द्वारा नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन में सभी विभागों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विभागीय अधिकारी नियमित रूप से लंबित मामलों की समीक्षा कर रहे हैं तथा शिकायतों के समाधान की प्रगति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान में मदद मिल रही है। हेल्पलाइन के जरिए नवीन राशन कार्ड बनवाने, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन की स्वीकृति, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, लंबित भुगतान, विद्युत व्यवस्था में सुधार, सड़क मरम्मत, पेयजल आपूर्ति, नालियों की सफाई, स्वच्छता कार्य, सीमांकन, नामांतरण और अन्य राजस्व मामलों में त्वरित सहायता प्रदान की जा रही है।
जिला प्रशासन का मानना है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन ने नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद को अधिक सरल, सुलभ और पारदर्शी बनाया है। शिकायतों एवं मांगों के प्रभावी निराकरण से लोगों का प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है और सरकारी योजनाओं का लाभ भी तेजी से पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा है।
प्रशासन का लक्ष्य है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को किसी भी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और उन्हें शीघ्र राहत मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

