युवाओं के लिए सुनहरा मौका: सीएम सुशासन फेलोशिप से मिलेगा प्रशासन में सीधा जुड़ाव, 50 हजार मासिक स्टाइपेंड
अंबिकापुर, 25 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ सरकार ने युवाओं को शासन और नीति निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने के लिए “मुख्यमंत्री सुशासन फेलोशिप (सीएमजीजीएफ)” की शुरुआत की है। इस महत्वाकांक्षी पहल की घोषणा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवंबर 2024 में की थी, जिसका उद्देश्य युवाओं को प्रशासनिक तंत्र में सक्रिय भागीदारी का अवसर देना है।
यह फेलोशिप इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट रायपुर और राज्य सरकार के सुशासन एवं अभिसरण विभाग के संयुक्त सहयोग से संचालित होगी। इसके तहत चयनित अभ्यर्थियों को पूर्ण रूप से प्रायोजित शिक्षा दी जाएगी, जिसमें पूरा शिक्षण शुल्क सरकार वहन करेगी। साथ ही प्रत्येक फेलो को प्रति माह 50 हजार रुपये की आकर्षक छात्रवृत्ति भी मिलेगी।
दो वर्ष की इस फेलोशिप में प्रतिभागियों को कक्षा शिक्षण के साथ-साथ राज्य शासन के विभिन्न विभागों और जिला कलेक्टर कार्यालयों में काम करने का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। खास बात यह है कि प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री के साथ सीधे संवाद का अवसर भी मिलेगा, जिससे वे अपने सुझाव देकर नीतियों में योगदान कर सकेंगे।
चयन प्रक्रिया कैट स्कोर, ग्रुप डिस्कशन और इंटरव्यू के आधार पर होगी और इस फेलोशिप के लिए केवल छत्तीसगढ़ के निवासी ही पात्र होंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 31 मार्च 2026 निर्धारित की गई है, जबकि इंटरव्यू 16 और 17 अप्रैल को आयोजित होंगे। चयनित अभ्यर्थियों का पंजीकरण और दस्तावेज सत्यापन 15 जून को होगा और 25 जून 2026 से नियमित कक्षाएं शुरू होंगी।
इच्छुक उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह फेलोशिप न केवल युवाओं को प्रशासनिक अनुभव देगी, बल्कि पब्लिक पॉलिसी और गवर्नेंस के क्षेत्र में करियर बनाने का मजबूत मंच भी साबित होगी। अधिक जानकारी एवं आवेदन के लिए अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर https://iimraipur.ac.in/important-dates-mba-in-public-policy/ अवलोकन कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

