स्वच्छता दीदियों को मिली नई ड्रेस, महापौर ने सराहा योगदान
धमतरी, 10 अक्टूबर (हि.स.)। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली स्वच्छता दीदियों को शुक्रवार को नगर निगम के सभाकक्ष में नई ड्रेस वितरित की गई। महापौर रामू रोहरा, निगम आयुक्त अरुण वर्मा सहित जनप्रतिनिधियों ने ड्रेस वितरित कर उनके कार्यों की सराहना की। इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता दीदियों को एकरूप पहचान प्रदान करने के साथ उनका मनोबल बढ़ाना और स्वच्छता कार्यों के प्रति प्रोत्साहित करना है।
इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि स्वच्छता दीदियां पूरी मेहनत, लगन और जिम्मेदारी के साथ शहर को साफ-सुथरा रखने में जुटी रहती हैं। उनकी मेहनत से शहर की सफाई व्यवस्था मजबूत होती है। वे केवल सफाई कार्य ही नहीं करतीं, बल्कि नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में भी अहम भूमिका निभाती हैं। उनके योगदान का सम्मान करना समाज और नगर निगम की जिम्मेदारी है। नगर निगम स्वच्छता कार्यों में लगे कर्मचारियों को आवश्यक सुविधाएं और प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।
निगम आयुक्त अरुण वर्मा ने कहा कि शहर में व्यवस्थित सफाई बनाए रखने में स्वच्छता दीदियों का योगदान महत्वपूर्ण है। नई ड्रेस मिलने से उन्हें एकरूप पहचान मिलेगी और कार्यस्थल पर उनकी पहचान भी आसानी से हो सकेगी। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सभी कर्मचारियों से समन्वय के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्यों और पार्षदों ने कहा कि स्वच्छता का सीधा संबंध नागरिकों के स्वास्थ्य से है। शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए नगर निगम के प्रयासों के साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने की अपील की।
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य नरेंद्र रोहरा और विजय मोटवानी, पार्षद हेमंत बंजारे, कुलेश सोनी, ईश्वर सोनकर, नम्रता माला पवार और अज्जू देशलहरे, एल्डरमैन प्राची सोनी, प्रभारी कार्यपालन अभियंता महेंद्र जगत, सहायक प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी शशांक मिश्रा सहित नगर निगम के कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्वच्छता दीदियां उपस्थित रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

