home page

जलस्रोतों की सफाई कर दिया स्वच्छता और संरक्षण का संदेश नदी घाटों और जलस्रोतों पर चला ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान

 | 
जलस्रोतों की सफाई कर दिया स्वच्छता और संरक्षण का संदेश नदी घाटों और जलस्रोतों पर चला ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान


धमतरी, 25 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत धमतरी वनमंडल की ओर से ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान चलाकर जलस्रोतों की स्वच्छता, संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता का संदेश दिया गया। अभियान के अंतर्गत विभिन्न जलस्रोतों, नदी घाटों और पर्यटन स्थलों की सफाई कर नागरिकों को जलस्रोतों को स्वच्छ रखने तथा प्लास्टिक कचरे के उपयोग और निस्तारण को लेकर जिम्मेदारी निभाने के लिए जागरूक किया गया।

अभियान की शुरुआत 23 सितंबर को पौधरोपण गतिविधियों के साथ हुई। इसके बाद 25 सितंबर को फुटहामुड़ा जलाशय, नरहरा जलप्रपात, कोटरवाही, महानदी उद्गम स्थल फरसियां, नगरी स्थित महामाई मंदिर और गणेश घाट सिहावा सहित विभिन्न जलस्रोतों एवं नदी घाटों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से जलस्रोतों के आसपास फैले प्लास्टिक कचरे, बोतलों और अन्य अपशिष्ट सामग्री को एकत्र कर हटाया गया। वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने ग्रामीणों और नागरिकों को नदी, नालों तथा जलाशयों में कचरा नहीं डालने और इनके आसपास स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी। साथ ही जलस्रोतों के आसपास हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण को प्रोत्साहित किया गया।

अभियान के माध्यम से जलस्रोतों को स्वच्छ रखने के साथ उनके संरक्षण में सामुदायिक सहभागिता की आवश्यकता पर जोर दिया गया। वन विभाग ने नागरिकों से पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों, नदी घाटों और जलाशयों में प्लास्टिक व अन्य कचरा नहीं फेंकने तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। इनमें संजय रौतिया, उपवनमंडलाधिकारी नगरी बीके लकड़ा, संलग्नाधिकारी अभिनव शर्मा, प्रशिक्षु सहायक वन संरक्षक संदीप कुमार सोम सहित वन परिक्षेत्र एवं वन विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा