कोरबा : वार्ड 45 व 48 में गूंजा स्वच्छता का शंखनाद, मेगा ड्राइव में हुआ व्यापक सफाई अभियान
कोरबा, 19 मार्च (हि. स.)। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता महाअभियान के तहत गुरुवार को वार्ड क्रमांक 45 और 48 में मेगा स्वच्छता ड्राइव आयोजित की गई। इस दौरान दोनों वार्डों की बस्तियों, मोहल्लों, सड़कों और नालियों में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई कार्य कराए गए।
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय स्वयं दोनों वार्डों में पहुंचे और गली-गली पैदल भ्रमण कर स्वच्छता कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्डवासियों से सीधे संवाद कर साफ-सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सड़क और नाली जैसी मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली तथा समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
वार्ड क्रमांक 45 परसाभांठा क्षेत्र में तीन स्थानों पर जल निकासी की समस्या को देखते हुए आयुक्त ने नाली निर्माण के लिए तत्काल प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश अभियंताओं को दिए। वहीं, अभियान के दौरान नालियों की सफाई, कचरा उठाव, सड़क किनारे जमी धूल-मिट्टी की सफाई, झाड़ियों की कटाई और कीटनाशक व ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव जैसे कार्य बड़े पैमाने पर किए गए।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर के सार्वजनिक स्थलों, नालियों और सड़कों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सीएंडडी वेस्ट, अतिक्रमण, अवैध कब्जा, दुकानों में डस्टबिन न रखने और कचरा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
घर-घर पहुंच रही स्वच्छता सेवाएं
भ्रमण के दौरान आयुक्त ने रहवासियों से कचरा संग्रहण व्यवस्था की जानकारी ली। नागरिकों ने बताया कि स्वच्छता दीदियां प्रतिदिन समय पर घर-घर पहुंचकर सूखा और गीला कचरा अलग-अलग एकत्र कर रही हैं। आयुक्त ने पेयजल आपूर्ति और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की भी जानकारी ली और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
आयुक्त श्री पाण्डेय ने शहरवासियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि वे कचरा इधर-उधर न फेंकें, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करें। उन्होंने सभी नागरिकों से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सहयोग करने का आह्वान किया।
20 मार्च को इन वार्डों में अभियान
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 20 मार्च को वार्ड क्रमांक 8 मोतीसागरपारा और वार्ड क्रमांक 18 कोहड़िया में भी मेगा स्वच्छता ड्राइव चलाकर विशेष साफ-सफाई अभियान संचालित किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

