गंगरेल में चला स्वच्छता व प्लास्टिक मुक्त अभियान
धमतरी, 24 सितंबर (हि.स.)। जिले में सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के तहत विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता एवं जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इस कड़ी में आज गुरुवार को वनमंडल धमतरी द्वारा जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल गंगरेल, मानव वन एवं अंगारमोती मंदिर परिसर में स्वच्छता जागरूकता और प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य पर्यटन स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के साथ आम नागरिकों और पर्यटकों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना रहा।
स्वच्छता अभियान में नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा भी शामिल हुए। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों एवं अभियान में सहभागी लोगों के साथ मिलकर स्वच्छता गतिविधियों में सहभागिता की। इस अवसर पर महापौर ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने तथा प्लास्टिक का उपयोग कम करने का संकल्प कराया।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि स्वच्छता केवल शासन और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। गंगरेल जैसे प्राकृतिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पर्यटक स्थलों पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को कचरा निर्धारित स्थान पर डालना चाहिए और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचना चाहिए। सामूहिक सहभागिता से ही पर्यटन स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सकता है। अभियान के दौरान लोगों को प्लास्टिक एवं अन्य कचरे का उचित निपटान करने, सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी नहीं फैलाने तथा पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
वन विभाग द्वारा स्थानीय स्तर पर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति निरंतर जागरूकता गतिविधियां संचालित करने पर भी जोर दिया गया। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में नागरिक सहभागिता के साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि पर्यटन स्थल गंगरेल बांध क्षेत्र में सालभर प्रदेश समेत कई जगहों से सैलानियों की भीड़ घूमने के लिए पहुंचते हैं, जो कहीं भी कचरा फेंक कर चले जाते हैं। वहीं सैलानियों द्वारा कहीं भी पार्टी का आयोजन किया जाता है, इससे कचरा व गंदगी फैल रहा है, ऐसे में पर्यटन स्थल गंगरेल बांध क्षेत्र में गंदगी रहता है। लोगों की मांग है कि शासन-प्रशासन द्वारा ऐसे कुछ जगहों को चिन्हांकित कर बड़ा डस्टबिन रखा जाए, जहां सैलानी कचरा को एकत्र कर वहां रख सके।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

