home page

शहर के कई वार्ड टैंकरों के भरोसे, निगम के दावों पर उठे सवाल

 | 
शहर के कई वार्ड टैंकरों के भरोसे, निगम के दावों पर उठे सवाल


धमतरी, 21 अप्रैल (हि.स.)।तेज गर्मी के बीच शहर में पेयजल व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। नगर निगम के 40 वार्डों में से कई वार्ड ऐसे हैं, जहां नलों से पानी नहीं आ रहा और लोगों की प्यास केवल टैंकरों के सहारे बुझ रही है। शहर के गोकुलपुर, लाल बगीचा, टिकरापारा सहित कई वार्डों में रोजाना पानी के टैंकर दौड़ते नजर आ रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि टैंकर पहुंचने के बाद ही लोगों को पानी मिल पाता है।

तेज गर्मी के कारण कई टेप नल सूखे पड़े हैं, जिससे वार्डवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गौरतलब है कि गर्मी शुरू होने से पहले नगर निगम ने पेयजल व्यवस्था को लेकर बड़े दावे किए थे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया था कि इस बार पानी की कोई किल्लत नहीं होगी, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों के विपरीत नजर आ रही है। स्थानीय रहवासी राजकुमार देवांगन, प्रेम कुमार देवांगन और ज्ञानेश्वर सिन्हा का कहना है कि शहर की बढ़ती आबादी के अनुसार पेयजल व्यवस्था को मजबूत नहीं किया गया है। उन्होंने निगम से मांग की है कि समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।

नगर निगम का कहना है कि पेयजल संकट गंभीर नहीं है। एमआईसी सदस्य एवं जल विभाग प्रभारी अखिलेश सोनकर के अनुसार, सभी वार्डों में पानी की आपूर्ति सुचारू है। जहां मोटर पंप खराब होने या अन्य तकनीकी दिक्कतें आती हैं, वहां टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति की जा रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में निगम के पास पर्याप्त संख्या में पानी टैंकर उपलब्ध है। विभाग लगातार निगरानी कर रहा है और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।जल आपूर्ति को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है और जमीनी स्तर पर निगरानी बढ़ाई जा रही है, ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके।

शहर के मोटर स्टैंड वार्ड में जल आपूर्ति को लेकर मिल रही शिकायतों के बीच जल विभाग के सभापति अखिलेश सोनकर ने मंगलवार सुबह खुद मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। सुबह सात बजे ही टीम के साथ क्षेत्र में पहुंचे सोनकर ने उस्मानिया बड़ा, लोहाना गली और नेशनल हाईवे इलाके में घर-घर जाकर पानी सप्लाई की स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद राकेश चंदवानी के साथ विभागीय कर्मचारी मंगलु निर्मलकर और पंचराम सिन्हा भी मौजूद रहे। टीम ने विभिन्न मोहल्लों में जाकर उपभोक्ताओं से बातचीत की और वास्तविक स्थिति का आकलन किया। जांच में सामने आया कि सुबह 7:10 बजे से ही घरों में पानी पहुंचना शुरू हो गया था, जो लगभग आठ बजे तक लगातार जारी रहा। जिन स्थानों से पहले शिकायतें मिली थीं, वहां भी टीम पहुंची, लेकिन मौके पर कोई बड़ी समस्या नहीं पाई गई।

लोहाना गली में मोटर पंप के जरिए नियमित जल आपूर्ति होती दिखी, जबकि घड़ी चौक से महेश क्लॉथ स्टोर होते हुए पुराने बस स्टैंड लाइन तक पानी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहा। निरीक्षण के दौरान सोनकर ने व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा